रांची। एक जून को अंतिम चरण की वोटिंग से पहले राजा भैया ने बड़ा बयान दिया है। झारखंड के देवघर पहुंचे कुंडा विधायक ने कहा कि मोदी जी सरकार बनाने जा रहे हैं। राजा भैया देवघर में बीजेपी सांसद निशिकांत दूबे से मुलाकात करने पहुंचे थे। उन्होंने अपने समर्थकों से निशिकांत दूबे को जिताने की अपील की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि हमने इस बार लोकसभा चुनाव में अपना कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है। न ही किसी पार्टी को अपना समर्थन दिया है। हमारे कार्यकर्ता अपने मन से मतदान कर रहे हैं। हम देश में नहीं घूम रहे हैं, लेकिन मोदी जी सरकार बनाने जा रहे हैं।

इस बार लोकसभा चुनाव में कुंडा के विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया एनडीए का समर्थन कर रहे हैं या समाजवादी पार्टी का? इसका जवाब अभी तक पूरी तरह स्‍पष्‍ट नहीं हो पाया है। प्रतापगढ़ और कौशांबी सीट पर बीजेपी प्रत्‍याशियों का उन्‍होंने खुलकर समर्थन नहीं किया है। उन्‍होंने जनता से कहा था कि वे अपने मन की आवाज पर चाहे जिसको वोट करें। वे किसी का समर्थन नहीं करेंगे।

गौरतलब है कि राजा भैया ने 2018 में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक बनाया था। उनकी पार्टी ने 2019 लोकसभा चुनाव में प्रतापगढ़ और कौशांबी सीट पर प्रत्याशी उतारे थे। पूर्व सांसद अक्षय प्रताप सिंह को प्रतापगढ़ से और कौशांबी सीट से पूर्व सांसद शैलेंद्र कुमार को उतारा था। अक्षय प्रताप चौथे और शैलेंद्र कुमार तीसरे नंबर पर रहे थे। इसके बाद 2022 विधानसभा चुनाव में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक दल ने 24 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे। हालांकि जीत केवल कुंडा और बाबागंज सीट पर ही मिली।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version