
पटना। बिहार में आधुनिक शहरी विकास को गति देने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में शुक्रवार को लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग तथा हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (हुडको) के बीच राज्य में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने के लिए एक लाख करोड़ रुपये के दीर्घकालिक वित्तपोषण संबंधी महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में करीब तीन लाख एकड़ से अधिक भूमि पर 12 आधुनिक ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित किए जाएंगे। इन टाउनशिप में विश्वस्तरीय शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि लोगों को बेहतर आवास, आधुनिक आधारभूत संरचना और गुणवत्तापूर्ण जीवन मिल सके।
किसानों को बनाया जाएगा भागीदार : मुख्यमंत्री ने कहा कि टाउनशिप विकास में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लैंड पुलिंग मॉडल अपनाया जाएगा। जो किसान मुआवजा लेने का विकल्प चुनेंगे, उन्हें आवेदन के 30 दिनों के भीतर भुगतान करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखते हुए इस परियोजना को आगे बढ़ाएगी।
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार तथा हुडको के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने एमओयू का आदान-प्रदान किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समझौता बिहार के शहरी विकास के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा। इसके माध्यम से राज्य में आधुनिक, सुव्यवस्थित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएंगी, जिससे लोगों को बेहतर आवास, उच्चस्तरीय नागरिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण जीवन उपलब्ध होगा।
इन प्रमुख शहरों के पास बनेंगी टाउनशिप
पटना – पाटलिपुत्र टाउनशिप
गयाजी- मगध टाउनशिप
मुजफ्फरपुर – तिरहुत टाउनशिप
भागलपुर – विक्रमशिला टाउनशिप
छपरा – सारण टाउनशिप
सोनपुर – हरिहरनाथ टाउनशिप
दरभंगा – मिथिला टाउनशिप
पूर्णिया – पूर्णिया टाउनशिप
मुंगेर – अंग टाउनशिप
सहरसा – कोसी टाउनशिप
सीतामढ़ी – सीतापुरम टाउनशिप
रोहतास – डेहरी टाउनशिप
