रामगढ़। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पैतृक गांव शैडो एरिया में पड़ता है। रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत थाना क्षेत्र के नेमरा गांव में बात करने के लिए लोगों को मोबाइल नेटवर्क भी नहीं मिलता था। बुधवार को रामगढ़ डीसी ऋतुराज की पहल पर इस गांव में मोबाइल टावर लगाया गया। जिला प्रशासन की ओर से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क से वंचित या कम नेटवर्क वाले क्षेत्रों (शैडो एरिया) को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर वहां नेटवर्क कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी प्रक्रिया में नेमरा गांव में जिओ कंपनी ने मोबाइल टावर स्थापित किया। टावर के चालू होने के साथ ही क्षेत्र के लोगों को अब बेहतर मोबाइल नेटवर्क सुविधा उपलब्ध होगी।

स्थानीय ग्रामीणों ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन की इस पहल से डिजिटल कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा। जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार एवं विभिन्न सरकारी सेवाओं तक आम नागरिकों की पहुंच सुदृढ़ होगी। इस अवसर पर डीसी ऋतुराज ने नेमरा गांव का दौरा कर स्थल का निरीक्षण किया। साथ ही आम जनों से सीधा संवाद स्थापित किया।

उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य उपकेंद्र, नेमरा का भी निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version