रांची। राजधानी रांची के ओटीसी ग्राउंड में स्थानीय सांसद एवं रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शनिवार को फुटपाथ दुकानदारों के बीच 400 कैनोपी छातों का वितरण किया। यह कार्यक्रम रक्षा मंत्रालय के सार्वजनिक उपक्रम गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) के कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड के तहत आयोजित किया गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत इस पहल की शुरुआत की गई है। रांची लोकसभा क्षेत्र में 5,000 से अधिक कैनोपी छातों के वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

सड़क किनारे खुले में दुकान लगाने वाले छोटे कारोबारियों को तेज धूप और बारिश से राहत देने के उद्देश्य से कैनोपी छाते वितरित किए गए। बड़े आकार के इन छातों से फुटपाथ दुकानदारों को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच भी अपना कारोबार संचालित करने में सुविधा होगी।

कार्यक्रम में विधायक सीपी सिंह, रांची की मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार और भाजपा रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू समेत अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और लाभार्थी दुकानदार भी उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version