नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो फेसबुक से कुछ समय के लिए हटने के मामले में मेटा ने माफी मांगते हुए इसे तकनीकी गड़बड़ी का परिणाम बताया है। वहीं, सूत्रों के अनुसार केंद्र सरकार ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (आईटी मंत्रालय) की ओर से मेटा और इंस्टाग्राम के ग्लोबल हेड को समन जारी किया है। सरकार इस बात की जांच कर रही है कि प्रधानमंत्री के आधिकारिक वीडियो तक लोगों की पहुंच अचानक क्यों बाधित हुई।

जानकारी के अनुसार, 28 जुलाई की तड़के भारतीय यूजर्स फेसबुक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो कुछ समय के लिए नहीं देख सके। वीडियो खोलने पर एक स्वचालित संदेश दिखाई दे रहा था, जिसमें कहा गया था कि कानूनी अनुरोध के कारण भारत में इस वीडियो की पहुंच सीमित कर दी गई है। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर व्यापक चर्चा शुरू हो गई।

बाद में मेटा ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि वीडियो पर लगी रोक किसी कानूनी कार्रवाई का परिणाम नहीं थी, बल्कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण ऐसा हुआ। कंपनी ने इस त्रुटि के लिए खेद व्यक्त किया और वीडियो की पहुंच जल्द ही सामान्य कर दी।

यह वीडियो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सेल्फी फॉर्मेट में रिकॉर्ड किया गया संदेश था, जिसमें उन्होंने पेपर लीक विवाद और इस मुद्दे पर केंद्र सरकार की प्रस्तावित कार्रवाई को लेकर विशेष रूप से देश के जेन-जी युवाओं को संबोधित किया था।

सूत्रों के मुताबिक, यही वीडियो इंस्टाग्राम पर 24 घंटे के भीतर 300 मिलियन से अधिक बार देखा गया, जबकि फेसबुक पर कुछ समय के लिए इसकी पहुंच प्रभावित रही। केंद्र सरकार अब पूरे घटनाक्रम की समीक्षा कर रही है और मेटा से इस मामले में विस्तृत स्पष्टीकरण मांगे जाने की संभावना है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version