पटना। बिहार विधानमंडल में मानसून सत्र के आखिरी दिन शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करना राजद के एमएलसी सुनील कुमार सिंह को भारी पड़ गया। इसके चलते एमएलसी सुनील कुमार सिंह की विधान परिषद से सदस्यता रद्द कर दी गई है।

इससे पहले गुरुवार को विधान परिषद की आचार समिति ने उनके खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर दी थी और अब आज इसकी घोषणा कर दी गई। समिति ने कहा था कि सुनील कुमार सिंह ने सदन के सदस्य बने रहने की पात्रता खो दी है। समिति ने अपनी 112 पन्नों की रिपोर्ट दी है।

विधानमंडल सत्र के चौथे दिन गुरुवार को राजद विधान परिषद सदस्य सुनील कुमार सिंह ने सदन के अंदर नीतीश कुमार की मिमिक्री की थी। इस दौरान उनके साथ उनकी पार्टी के एक और एमएलसी कारी सोहैब भी साथ थे। ऐसे में दोनों के इस आचरण को अनुचित मानते हुए यह मामला विधान परिषद की आचार समिति के पास भेजा गया था। हालांकि, बाद में कारी सोहैब ने गलती मान ली थी लेकिन सुनील सिंह ने गलती मानने से इंकार कर दिया था।

इसके बाद सुनील सिंह के खिलाफ आचार समिति ने जांच रिपोर्ट तैयार की और उनपर अनुशासनिक कार्रवाई के तहत सदस्यता समाप्त करने की सिफारिश की। समिति का प्रतिवेदन कल ही सदन में रख दिया गया था, जिसपर आज अंतिम मुहर लग गई। राजद ने इस कार्रवाई को अनुचित करार दिया है। खुद की बर्ख़ास्तगी पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनील कुमार सिंह ने कहा कि सदस्यता समाप्त होने का पहले से ही मैच फिक्स है। जिस तरह देश में पेपर लीक का तार नालंदा से जुड़ा है, मेरी बर्ख़ास्तगी का भी तार भी नालंदा से जुड़ा है।

राजद एमएलसी सुनील सिंह को बिस्कोमान अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। इस संबंध में भारत सरकार ने पत्र जारी किया है। भारत सरकार के पत्र में लिखा है कि बिहार राज्य सहकारी विपणन संघ लिमिटेड (बिस्कोमान) बिहार एवं झारखंड में प्रशासक की नियुक्ति के संबंध में, चूंकि बिहार राज्य सहकारी विपणन संघ (बिस्कोमान) की चुनाव प्रक्रिया को सहकारी चुनाव प्राधिकरण द्वारा आदेश संख्या सीईए- 12011/ 36/ 2024 दिनांक 22 जुलाई 2024 (संलग्न) के तहत रद्द कर दिया गया है।सहकारी चुनाव प्राधिकरण ने एमएससीएस अधिनियम की धारा 123(1) के तहत बिस्कोमान में प्रशासक की नियुक्ति के लिए आगे की सिफारिश की है, क्योंकि बिस्कोमान के पिछले निदेशक मंडल (बीओडी) का कार्यकाल 24.06.2024 को समाप्त हो गया है और आज की तारीख तक कोई बोर्ड मौजूद नहीं है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version