बनगांव (पश्चिम बंगाल):  केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मतुआ समुदाय की नागरिकता को लेकर चिंताओं को दूर करने के प्रयास के तहत मंगलवार को यह आश्वासन दिया कि समुदाय के सदस्यों को नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के तहत नागरिकता मिलेगी।

शाह ने इसके साथ ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर सीएए के बारे में अफवाह फैलाने का आरोप भी लगाया। शाह ने उत्तर 24 परगना में मतुआ समुदाय के गढ़ बनगांव में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ”ममता बनर्जी राज्य में सीएए के क्रियान्वयन को कभी नहीं रोक सकतीं, क्योंकि यह केंद्र सरकार का कानून है।”

उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया की कोई भी ताकत मेरे शरणार्थी भाइयों को भारत का नागरिक बनने से नहीं रोक सकती। ये मोदी जी का वादा है। ममता बनर्जी को यह याद रखना चाहिए कि नागरिकता केंद्र सरकार के विशेष अधिकार के अंतर्गत आता है, न कि राज्य सरकारों के अधीन।”

शाह ने बनर्जी पर सीएए के बारे में ‘‘झूठ बोलने और अफवाह फैलाने’’ का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, “ममता बनर्जी यह झूठ बोल रही हैं कि जो कोई भी सीएए के तहत नागरिकता के लिए आवेदन करेगा, उसे समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। मैं मतुआ समुदाय के लोगों को आश्वस्त करने आया हूं कि किसी को कोई परेशानी नहीं होगी। आपको नागरिकता मिलेगी और आप देश में सम्मान के साथ रह सकेंगे।”

मंत्री ने यह भी कहा, ”मैं आपको गारंटी देता हूं कि किसी को कोई असुविधा और कठिनाई नहीं होगी। आपको देश में नागरिकता और सम्मान दोनों मिलेगा।”

मतुआ समुदाय, मूल रूप से पूर्ववर्ती पूर्वी पाकिस्तान से है और हिंदुओं का एक कमजोर वर्ग है, जिसके सदस्य विभाजन के दौरान और बांग्लादेश के निर्माण के बाद धार्मिक उत्पीड़न के कारण भारत आ गए थे।

सीएए नियमों के क्रियान्वयन पर मतुआ समुदाय की प्रारंभिक खुशी कम हो गई है, क्योंकि अखिल भारतीय मतुआ महासंघ ने अपने सदस्यों को बांग्लादेश में उनके पिछले आवासीय पते को साबित करने वाले आवश्यक दस्तावेजों की कमी के कारण नागरिकता आवेदन जमा करने से परहेज करने की सलाह दी है।

शाह ने बनगांव लोकसभा क्षेत्र में मतुआ समुदाय की बड़ी आबादी को संबोधित करते हुए बनर्जी पर सीएए का विरोध करने और “अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए घुसपैठियों के समर्थन में रैलियां निकालने” के लिए निशाना साधा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version