रांची। गणतंत्र दिवस के अवसर पर मोरहाबादी मैदान में होने वाले झंडोत्तोलन कार्यक्रम के पश्चात प्रस्तावित झांकी प्रदर्शनी की तैयारियों को लेकर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में सभी संबंधित नोडल पदाधिकारियों के साथ बुधवार को समीक्षा बैठक हुई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण झांकी प्रदर्शनी होती है, जिसके माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा झारखंड की विशिष्ट पहचान को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाता है। उन्होंने सभी नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण करें और झांकियों की गुणवत्ता, विषयवस्तु एवं रचनात्मकता पर विशेष ध्यान दें।

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी और सभी अधिकारी पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। 12 विभागों की झांकियां होंगी शामिल गणतंत्र दिवस समारोह में इस वर्ष 12 विभागों की झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। इनमें वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, सूचना एवं जन संपर्क विभाग, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, परिवहन विभाग, महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग तथा उच्च तकनीकी शिक्षा विभाग शामिल हैं। तैयारियों का संयुक्त निरीक्षण इससे पूर्व उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से मोरहाबादी मैदान में होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा तैयार की जा रही झांकियों का अवलोकन किया गया और संबंधित अधिकारियों को कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि गणतंत्र दिवस एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व है, जिसे गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा एवं आम नागरिकों की सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने स्थानीय नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त सौरभ भुवनिया, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक, जिला नजारत उप समाहर्ता डॉ सुदेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, सिविल सर्जन सदर डॉ प्रभात कुमार, जिला जन संपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version