
बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की कथारा कोलियरी में कोयले का विशाल ढेर अचानक धंसने से तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय सभी लोग घरेलू उपयोग और जलावन के लिए कोयला चुन रहे थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।



जानकारी के अनुसार, हादसा बेरमो अनुमंडल के कथारा ओपी क्षेत्र स्थित कथारा कोलियरी के नंबर-5 स्टॉकयार्ड में हुआ। आसपास के गांवों के कुछ ग्रामीण जलावन के लिए रिजेक्ट कोयला चुनने पहुंचे थे। इसी दौरान कोयले का ऊंचा ढेर अचानक भरभराकर धंस गया। इसकी चपेट में छह महिलाएं और एक पुरुष आ गए और सभी मलबे के नीचे दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और सीसीएल प्रबंधन के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। मलबे से सभी सात लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं, चार घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
मृतकों की पहचान पुष्पा देवी, कौशल्या देवी और हीरालाल की पत्नी के रूप में हुई है। पुष्पा देवी गल्लू यादव की पत्नी थीं, जबकि कौशल्या देवी के पति का नाम विश्वनाथ बताया गया है। तीनों महिलाएं बांध बस्ती की रहने वाली थीं।
बेरमो के एसडीपीओ रवींद्र सिंह ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस और सीसीएल प्रबंधन की ओर से हादसे की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण कोयला चुनने के लिए स्टॉकयार्ड पहुंचे थे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कोयले का विशाल ढेर किन परिस्थितियों में धंसा। जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
इस दर्दनाक घटना के बाद कथारा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

