पटना। राजधानी पटना के मौर्या होटल में आयोजित सावन महोत्सव में अलीनगर की विधायक और लोकगायिका मैथिली ठाकुर का अलग अंदाज देखने को मिला। एनडीए सखी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मैथिली ठाकुर ने पर्पल रंग का लहंगा पहनकर मंच पर जमकर डांस किया। उन्होंने फाल्गुनी पाठक के लोकप्रिय गीत ‘मैंने पायल है छनकाई, अब तो आजा वो हरजाई’ पर डांस कर कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं और युवतियों के साथ सावन उत्सव का आनंद लिया।

https://newsmaati.com/wp-content/uploads/2026/08/1000225826.mp4

कार्यक्रम के दौरान मैथिली ठाकुर के साथ एनडीए की सखियां और अन्य महिलाएं भी डांस करती नजर आईं। सावन की अंतिम सोमवारी के बाद आयोजित इस महोत्सव में मैथिली ठाकुर का पारंपरिक परिधान और डांस खास आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अन्य महिलाओं के साथ उत्साहपूर्वक डांस करती दिखाई दे रही हैं।

‘तुलसी के राम’ कार्यक्रम में भी हुईं शामिल

इससे पहले मैथिली ठाकुर पटना के रविंद्र भवन में आयोजित ‘तुलसी के राम’ कार्यक्रम में भी शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने जनसंवाद करते हुए कहा कि तुलसी के राम केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि संस्कृति, संस्कार और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से सनातन को जोड़ने और मजबूत करने का संकल्प लिया जा रहा है। सनातन मजबूत होगा तो समाज मजबूत होगा और समाज मजबूत होने से राष्ट्र सशक्त होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया समेत कई विधायक और अन्य लोग मौजूद रहे।

क्षेत्र की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से की थी मुलाकात

मैथिली ठाकुर हाल ही में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी विकास योजनाओं पर चर्चा भी कर चुकी हैं। उन्होंने घनश्यामपुर प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग रखी थी। इसके अलावा तारडीह, अलीनगर और घनश्यामपुर प्रखंड के अस्पतालों में चिकित्सकों की नियुक्ति को लेकर भी मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर विस्तार से चर्चा की थी।

मैथिली ठाकुर दरभंगा जिले के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। राजनीति के साथ-साथ वह लोकगीत और मैथिली संगीत के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान रखती हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version