नई दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने राजेन्द्र नगर के एक कोचिंग संस्थान में हुए हादसे पर दुख जताते हुए भरोसा दिलाया है कि जिनके कारण तीन कीमती जाने गईं हैं, उनकी जिम्मेदारी तय की जाएगी और दोषियों को सजा दी जाएगी। वहीं पुलिस ने कोचिंग सेंटर के मालिक अभिषेक गुप्ता और समन्वयक देशपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

उपराज्यपाल सक्सेना ने एक्स पर कहा कि प्रशासन की उदासीनता और कोचिंग संस्थान चलाने वालों के आपराधिक कदाचार के कारण खोए हुए अनमोल युवा जीवन को कोई भी वापस नहीं ला सकता है। लेकिन जिन लोगों के कारण जान गई है, उनकी जिम्मेदारी तय की जाएगी और दोषियों को सजा दी जाएगी। उन्होंने हादसे को दुखद और अक्षम्य बताते हुए कहा कि ऐसे मुद्दों को अब और अधिक नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि संभागीय आयुक्त से मंगलवार तक दुखद घटना के हर पहलू को कवर करते हुए एक रिपोर्ट सौंपने को कहा है।

उपराज्यपाल ने कल हुई तीन मौतों के अलावा पिछले दिनों में एक छात्र की करंट लगने से पटेल नगर में हुई मौत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत की राजधानी में ऐसा होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली के राजेन्द्र नगर इलाके में स्थित राउज आईएएस स्टडी सर्किल कोचिंग सेंटर में तीन छात्रों की बेसमेंट में बारिश का पानी भरने से दर्दनाक मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोचिंग सेंटर, बिल्डिंग के मैनेजमेंट और ड्रेनेज सिस्टम की देखभाल करने वाले और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही पुलिस ने कोचिंग सेंटर के मालिक अभिषेक गुप्ता और समन्वयक देशपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

इससे पहले पूर्व दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष एवं सांसद स्वाति मालीवाल ने हादसे में हुई मौतों के लिए दिल्ली सरकार और एमसीडी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मामले में मंत्री और मेयर को अपने आलीशान घर और एसी कमरों से निकल करके इन बच्चों से आकर माफी माँगनी चाहिए। पीड़ित परिवारों को 1-1 करोड़ की सहयोग राशि देनी चाहिये।

उन्होंने सुबह राजेंद्र नगर में यूपीएससी छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि छात्रों के मन में बहुत गुस्सा है कि अभी तक दिल्ली सरकार के मंत्री और मेयर उनसे मिलने नहीं आये। इनका गुस्सा बिलकुल जायज है क्योंकि ये आपदा नहीं हत्या है। स्वाति ने राजेंद्र नगर की घटना में जान गँवाने वाली दोनों बेटियों के परिवार से आरएमएल अस्पताल में मुलाकात की।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version