
पटना। बिहार में नई सरकार के गठन के बाद बदलाव सिर्फ मंत्रिपरिषद तक सीमित नहीं है, बल्कि नेताओं के सरकारी आवासों में भी फेरबदल शुरू हो गया है। इसी क्रम में भवन निर्माण विभाग ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगला खाली करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही उनके लिए नया आवास भी आवंटित कर दिया गया है। प्रशासनिक आदेश के बाद 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास से सामान हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। देर रात छोटे वाहनों के जरिए पौधों, गमलों और अन्य गार्डन सामग्री को शिफ्ट किया जा रहा है। एक न्यूज पोर्टल के अनुसार इस दौरान आवास से सामान निकाले जाने की तस्वीरें भी सामने आई हैं।
गुरुवार की रात में राबड़ी आवास पर 4 से 5 के करीब छोटी गाड़िया पहुंचीं। बताया जा रहा है कि राबड़ी आवास का सामान गोला रोड वाले उनकी गौशाला में ले जाया गया। अब वहां से सामान को दूसरी जगह ले जाने की तैयारी है।
जब आवास खाली किया जा रहा है, उस समय लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव दोनों ही पटना से बाहर हैं। भवन निर्माण विभाग ने 25 नवंबर को ही राबड़ी देवी को बंगला खाली करने का निर्देश जारी कर दिया था, जिसकी मियाद 25 दिसंबर को पूरे एक महीने हो गई थी। हालांकि, आरजेडी की ओर से सामान शिफ्ट किए जाने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
राबड़ी को मिला है नया बंगला
गौरतलब है कि राबड़ी देवी वर्तमान में विधान परिषद में विपक्ष की नेता हैं और वह 16 जनवरी 2006 से 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगले में रह रही थीं। सरकारी आदेश के तहत अब उन्हें हार्डिंग रोड स्थित केंद्रीय पूल आवास, बंगला नंबर 39 में स्थानांतरित किया जा रहा है। भवन निर्माण विभाग के अनुसार, यह आवास विधान परिषद में विपक्ष के नेता के लिए निर्धारित है।
