लोहरदगा। लोहरदगा पुलिस ने 30 जुलाई को शहर में हुई तीन सनसनीखेज आपराधिक घटनाओं का महज 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, एक जिंदा .315 बोर की गोली और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। घटना में प्रयुक्त बाइक की बरामदगी के लिए रांची में छापेमारी जारी है।

पुलिस के अनुसार 30 जुलाई की शाम अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में दो अपराधियों ने हथियार के बल पर लूट का प्रयास किया। इसके लगभग एक घंटे बाद पतराटोली स्थित पेट्रोल पंप पर छिनतई का प्रयास किया गया। पेट्रोल पंप कर्मियों के विरोध करने पर दोनों आरोपित पास के निधि कॉम्प्लेक्स स्थित प्रिया स्टोर पहुंचे, जहां संचालक शुभम कुमार साहू को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल शुभम को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), आईपीडीआर सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी की। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं देर रात तक थाना में कैंप कर जांच की निगरानी की और टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

तकनीकी विश्लेषण के आधार पर शनिवार की सुबह लोहरदगा थाना क्षेत्र के ओयना गांव स्थित एक बंद मकान में छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लाल रौशन नाथ शाहदेव और हसमथ राजा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपितों ने तीनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई। लाल रौशन नाथ शाहदेव ने पूछताछ में बताया कि खत्री ज्वेलर्स में पहले सोने के आभूषण की खरीदारी को लेकर दुकानदार से विवाद हुआ था। घटना के दिन वह दोबारा दुकान पहुंचा और विवाद के बाद हथियार दिखाकर सोने की चेन लेने का प्रयास किया, लेकिन दुकानदार ने उसका हथियार छीनकर उसे बाहर निकाल दिया।

इसके बाद दोनों बड़की चांपी से देशी कट्टा लेकर पतराटोली पहुंचे, जहां पहले पेट्रोल पंप पर लूट का प्रयास किया और असफल रहने पर प्रिया स्टोर संचालक शुभम कुमार साहू को गोली मार दी। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी ने पूछताछ में हत्या के पीछे अपनी व्यक्तिगत दुश्मनी और मुखबिरी की आशंका को कारण बताया है। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त बाइक की बरामदगी और आरोपित के एक अन्य सहयोगी की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपित लाल रौशन नाथ शाहदेव के विरुद्ध हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित छह आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version