संगारेड्डी (तेलंगाना)।सोमवार सुबह तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के पाशा मेलाराम औद्योगिक क्षेत्र में एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण विस्फोट ने तबाही मचा दी। सीगाची केमिकल्स प्लांट में रिएक्टर फटने से लगी आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। इस भयावह हादसे में 10 मजदूरों की जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

धमाका इतना तेज था कि इसकी गूंज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे फैक्ट्री के आसपास दहशत का माहौल फैल गया। चश्मदीदों ने बताया कि विस्फोट के बाद मजदूर इधर-उधर भागने लगे, और कुछ तो झटके से 100 मीटर तक उछलकर गिर पड़े।
दमकल की चार गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है। राहत और बचाव दल के साथ 108 एंबुलेंस सेवाएं और मेडिकल टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं। घायलों को टनचेरु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को हैदराबाद के बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है।
फैक्ट्री की इमारत धमाके के बाद आंशिक रूप से ढह गई है, जिससे मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने एहतियातन फैक्ट्री परिसर और उसके आसपास के इलाके को खाली करवा लिया है और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, यह फैक्ट्री फार्मा सेक्टर के लिए उपयोगी रसायनों और पाउडर्स का निर्माण करती है, और यहां देशभर से आए 100 से अधिक मजदूर कार्यरत हैं। हादसे की खबर मिलते ही कई मजदूरों के परिजन फैक्ट्री के बाहर जमा हो गए हैं, जिन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version