कोडरमा। कोडरमा के पुलिए अधीक्षक अनुदीप सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को मासिक अपराध की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने बैठक में अक्टूबर माह में किये गए कार्यो की समीक्षा के उपरांत सभी थाना, ओपी प्रभारी, संबंधित शाखा प्रभारी को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। विगत दस माह में थाना प्रभारियों द्वारा किए गए कार्य विधि व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, निष्पादन, वारंट, कुर्की का निष्पादन इत्यादि कार्यों की समीक्षा एवं सभी लंबित कार्रवाई पूर्ण कर कांडो का निष्पादन करने का निर्देश दिया।

उन्होंने थाना क्षेत्र के उपद्रवियों, आदतन शरारती तत्वों, सक्रिय अपराधियों के विरूद्ध निरोधात्मक कारवाई, वाहन चोरी जैसे घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से एंटी क्राइम चेकिंग करने को कहा गया। बैंक, एटीएम, ज्वैलरी शॉप जैसे स्थानों के आस—पास पेट्रोलिंग पार्टी को मुस्तैदी के साथ भ्रमणशील रहने, थाना प्रभारी को अपने स्तर से विशेष अभियान चलाकर लंबित वारंट, कुर्की का निष्पादन करने को कहा गया।

उन्होंने 23 नवम्बर को कोडरमा जिले में होने वाली चुनाव परिणाम की गिनती के संबंध में पुलिस पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। अंतरराज्य, अंतरजिला चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच चलाने, सड़क सुरक्षा हेतु सभी एहतियात कदम उठाने तथा यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों पर अभियोजन करने हेतु निर्देशित किया गया।

इस बैठक में पुलिस सभा का भी आयोजन किया गया। जिसमें पुलिस से सम्बंधित समस्याओ एवं निराकरण हेतु संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया गया। मौके पर एसडीपीओ अनिल सिंह, डीएसपी रतिभान सिंह, सार्जेन्ट मेजर, इंस्पेक्टर, विभिन्न थाना के थाना प्रभारी समेत अन्य लोग मौजूद थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version