
रांची। झारखंड में विधानसभा चुनाव नवंबर-दिसंबर में होगा। शुक्रवार को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा हरियाणा और जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव की घोषणा किए जाने के साथ ही इन राज्यों के साथ तथा समय से पूर्व झारखंड में चुनाव कराने की अटकलें खत्म हो गईं। आयोग की लगातार सक्रियता को देखते हुए यह कयास लगाया जा रहा था कि झारखंड में भी विधानसभा चुनाव हरियाणा, महाराष्ट्र और जम्मू कश्मीर के साथ होगा। चूंकि हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल पहले ही खत्म हो रहा है, इसलिए यह संभावना जताई जा रही थी कि झारखंड में समय से पहले चुनाव हो सकता है।
झारखंड विधानसभा का कार्यकाल पांच जनवरी 2025 को खत्म हो रहा है। अब पूरी संभावना है कि झारखंड में विधानसभा चुनाव नवंबर-दिसंबर माह में महाराष्ट्र के साथ होगा। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को खत्म हो रहा है। साथ ही झारखंड में दीपावली, छठ पूजा आदि पर्व त्योहार आठ नवंबर को खत्म हो रहे हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि नवंबर के अंतिम सप्ताह तथा दिसंबर के पहले और दूसरे सप्ताह में चुनाव हो सकता है। हालांकि, चुनाव की घोषणा पहले ही हो जाएगी।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने भी शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि आयोग सुरक्षा बलों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए दो राज्यों में एक साथ विधानसभा चुनाव करना चाहता है। साथ ही महाराष्ट्र और झारखंड में कई पर्व-त्योहारों का भी हवाला दिया। इधर, झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। इसके तहत 27 अगस्त को मतदाता सूची का प्रकाशन होना है।
झारखंड में विधानसभा चुनाव दो या तीन चरणों में हो सकता है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने भी इसकी अनुशंसा आयोग से की है। बताते चलें कि पिछला विधानसभा चुनाव पांच चरणों में संपन्न हुआ था। वहीं, इस वर्ष लोकसभा चुनाव चार चरणों में संपन्न हुआ। झारखंड में दीपावली, छठ पूजा आदि पर्व-त्योहार आठ नवंबर को खत्म हो रहा है।
