पूर्णिया। किशनगंज नगर थाना के थानेदार अभिषेक रंजन अक्सर बागडोगरा से मुंबई की हवाई यात्रा करता था। वह मुंबई के ताज होटल में ठहरता था। इसका खुलासा उसके ठिकाने पर आर्थिक अपराध इकाई की छापामारी में हुआ है। हवाई यात्रा व होटल में ठहरने संबंधी कई साक्ष्य आर्थिक अपराध इकाई को मिले हैं। अभिषेक कुमार रंजन की सीधी भर्ती से नियुक्ति 2009 में अवर निरीक्षक के रूप में हुई। उसका स्थायी निवास स्थान सारण जिला के भेल्दी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पैगा गांव है। नियुक्ति के बाद से ही अपने भ्रष्ट आचरण से उसने काफी परिसंपत्ति अर्जित की है।

उसके द्वारा पटना, छपरा, मुजफ्फरपुर, सिलीगुड़ी व अन्य जगहों पर अपने, अपनी पत्नी एवं अपने सगे-संबंधियों के नाम पर परिसंपत्ति अर्जित की गई है। सिलीगुड़ी एवं अन्य स्थानों पर खरीदे गए भूखंडों की लिए भारी मात्रा में नकद राशि का भुगतान किया गया है। अभिषेक कुमार रंजन द्वारा भ्रष्ट तरीके से अर्जित राशि को अपने बैंक अकाउंट में नकद से जमा कर उसे वैध बनाने का प्रयास किया गया है। अपनी वार्षिक संपत्ति उद्घोषणा में अपनी परिसंपत्तियों से संबंधित तथ्यों को उसने छिपाया है। अभिषेक की शादी अंकिता कुमारी से हुई है।

वह पश्चिमी चंपारण जिले के सिकटा थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। अंकिता गृहणी हैं। वह अभिषेक पर आश्रित हैं। अभिषेक के तीन भाई हैं। पिता स्व. रविभूषण श्रीवास्तव हैं। उन्हें दो पुत्र अभिकेत रंजन (10) एवं शाश्वत रंजन (7) हैं। दोनों बच्चे के ओपन माइंड प्राइवेट स्कूल, पटना में पढ़ रहे। अभिषेक 2010 में प्रशिक्षण के बाद मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, पटना व किशनगंज जिले में पदस्थापित रहे।

2013 में मां के नाम छपरा में खरीदा भूखंड: अभिषेक ने 2013 में छपरा में अपनी मां मालती देवी के नाम पर एक आवासीय भूखंड खरीदा। 2019 में अपनी पत्नी अंकिता कुमारी व दोनों पुत्रों के नाम पर दानपत्र से इसे फिर प्राप्त कर लिया। उक्त भूखंड का 19 जुलाई, 2018 को जय शंकर सिंह को 25 लाख रुपये में बेचने का एग्रीमेंट भी किया था। किसी बात पर विवाद के बाद एग्रीमेंट रद कर दिया गया। फिर यहां मकान बनवाया।

पटना के रामकृष्णनगर में आलीशान भवन: अभिषेक ने 2018 में पटना के रामकृष्णनगर में 5.5 डिसमिल जमीन 19.35 लाख में अपने नाम से खरीदी। उस पर चार मंजिला मकान का निर्माण कराया गया। इसी में उसका परिवार रहता है। 2025 में उसके द्वारा बागडोगरा (पश्चिम बंगाल) में पत्नी अंकिता कुमारी व साले अभिनव कुमार के नाम छह कट्ठा जमीन खरीदी गई। इसका बाजार मूल्य लगभग एक करोड़ है। उक्त भूखंड की खरीद में एक बड़ी राशि का भुगतान नकद में किया गया है। 2015 मे भी मुजफ्फरपुर में अभिषेक कुमार रंजन द्वारा अहियापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चंदवारा मुहल्ले में भूखंड खरीदा गया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version