खूंटी। जिले के मुरहू में रामनवमी की शोभायात्रा में पथराव और उसके दूसरे दिन शनिवार को दो समुदायों के बीच हुई झड़प के बाद पुलिस द्वारा हिंदू समुदाय के कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने के विरोध में केंद्रीय रामनवमी महासमिति खूंटी और विभिन्न हिंदूवादी संगठनों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन खूंटी जिला बंद का आह्वान किया है।

गिरफ्तारी के विरोध में महासमिति के अध्यक्ष अनूप साहू, महामंत्री जितेंद्र कश्यप सहित काफी संख्या में हिंदूवादी संगठनों ने भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा के नेतृत्व में रविवार को खूंटी थाना के समक्ष धरना प्रदर्शन किया। बाद में महासमिति की ओर से थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें कहा गया कहा कि जब तक निर्दोष रामभक्तों को बिना शर्त रिहा नहीं किया जाता, तब तक खूंटी जिला बंद रहेगा।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने प्रशासन से अपील की कि ऐसी कार्रवाई न हो जिससे क्षेत्र का शांतिपूर्ण माहौल प्रभावित हो। उन्होंने हिरासत में लिए गए निर्दोष लोगों को तत्काल रिहा करने की मांग की। प्रदर्शन में केंद्रीय रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष अनूप साहू, महामंत्री जितेंद्र कश्यप, विहिप जिलाध्यक्ष विनोद जायसवाल, बजरंग दल जिला संयोजक मुकेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन खूंटी बंद किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version