
नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) की सांसद स्वाति मालीवाल पर कथित हमला मामले की जांच में किसी को बाधा नहीं डालनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच करने की जरूरत है कि घटना के वक्त दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर कौन-कौन मौजूद था और उनकी क्या भूमिका थी।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘केजरीवाल के आवास पर उनके परिवार और कार्यालय के कौन-कौन लोग मौजूद थे, उनकी क्या भूमिका थी और जब मालीवाल की पिटाई की जा रही थी तब उन्होंने क्या देखा, ये जांच का हिस्सा हैं।
मैं भाजपा की प्रवक्ता हूं, पुलिस की नहीं। मैं केवल यह अनुरोध करूंगी कि कोई भी जांच में बाधा न डाले।’’
