पटना । बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई। चुनाव से पहले प्रशांत किशोर की पार्टी का साथ गणितज्ञ प्रोफेसर के.सी. सिन्हा ने छोड़ दिया है। केसी सिन्हा जन सुराज पार्टी को छोड़कर बीजेपी में चले गए हैं। इसे लेकर आज गुरुवार को पटना में कई जगह पोस्टल लगाए गए हैं। पोस्टर में कहा गया है कि केसी सिन्हा तो झांकी हैं, जमानत जब्त होना अभी बाकी है।

राजधानी पटना में ये पोस्टर कई जगह लगाए गए हैं। पोस्टर किसने लगाया है, इसके बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है, लेकिन पोस्टर के नीचे ‘सौजन्य: बांकीपुर की जनता’ लिखा गया है। बांकीपुर चुनाव से पहले प्रशांत किशोर को लेकर लगाए गए इस पोस्टर में पीके को मुस्लिम टोपी पहने हुए दिखाया गया है। उनके गले में गमछा पड़ा हुआ है। साथ ही हाथ में नोट की गड्डी दिखाई दे रही हैं।

पोस्टर में जन सुराज की जगह धन सुराज लिखा गया है। साथ ही पीके की फोटो के ऊपर की लिखा है ‘वोट नहीं नोट चाहिए।’ इस पोस्टर के सामने आने के बाद सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। अभी इस पर प्रशांत किशोर या जन सुराज की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

बता दें, चुनाव से पहले जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को बुधवार को बड़ा झटका लगा था। 2025 में बिहार चुनाव में जन सुराज के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले कई नेता, प्रशांत किशोर का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। इनमें प्रसिद्ध गणितज्ञ प्रोफेसर के.सी. सिन्हा और रितेश रंजन उर्फ बिट्टू सिंह का नाम शामिल है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version