कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के मनौरी बाजार में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी नौशाद अली को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार देर रात एसओजी और चरवा थाना पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। मंगलवार तड़के करीब चार बजे मुखबिर से सूचना मिली कि मुख्य आरोपी इलाके से फरार होने की कोशिश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे मौके से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम नौशाद अली बताया।

दरअसल, पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार स्थित पटाखा फैक्ट्री में सोमवार को भीषण आग लग गई थी। इसके बाद फैक्ट्री में लगातार कई धमाके हुए। हादसे में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें शबाना पत्नी शकील और साइना पुत्री शकील, निवासी महमूदपुर, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है।

लापरवाही पर पांच पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई

हादसे के बाद पुलिस प्रशासन ने लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक ने पिपरी थाना प्रभारी विकास सिंह, चौकी 5 प्रभारी चायल के उपनिरीक्षक अमित द्विवेदी और पूर्व चौकी प्रभारी चायल के उपनिरीक्षक मनीष पाल को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।

वहीं, पिपरी थाने में तैनात बीट कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और कांस्टेबल कृष्ण कुमार को पटाखा फैक्ट्री के संचालन से जुड़ी सूचना दर्ज नहीं कराने और लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित किया गया है।

एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा

जिला मजिस्ट्रेट अमित पाल शर्मा के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। राहत और बचाव अभियान में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने भी हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद देने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version