
रांची : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने शुक्रवार को झामुमो पर बड़ा निशाना साधा। श्री मरांडी ने कहा कि ईडी की ओर से प्रस्तुत चार्जशीट हेमंत सरकार के भ्रष्टाचार का दस्तावेज है। वे मेदिनीनगर में पार्टी की ओर से आयोजित विधानसभा स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की धर्मपत्नी भाजपा पर उनके पति को परेशान करने का आरोप लगा रही हैं।
कल्पना सोरेन केवल ईडी की ओर से पेश की गयी 191 पन्नों की चार्जशीट पढ़ लें, उन्हें हेमंत सोरेन के जेल जाने के कारण पता चल जायेगा।
उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने राज्य को चौतरफा लूटा। बालू, पत्थर, कोयला, लोहा, जमीन सब लूटा। नाम बदल-बदल कर लूटा।
श्री मरांडी ने कहा कि एक तरफ भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा है, भ्रष्टाचारियों की बरात है दूसरी ओर भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त करने की मोदी की गारंटी है।
उन्होंने कहा कि आज सारे भ्रष्टाचारी, भारत विरोधी ,सनातन विरोधी ,विकास विरोधी ताकतें मोदी हो हटाने की बात कर रहे जबकि जनता तीसरी बार मोदी सरकार बनाने केलिए संकल्पित है।
