रांची । झारखंड में पेपर लीक और JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच सियासत तेज हो गई है। 21 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान कथित बदसलूकी को लेकर जेपीएससी-जेएसएससी सुधार मंच की सदस्य प्रतिमा कुमारी ने सोमवार को रांची के कोतवाली थाने में शिकायत दी है। शिकायत में 8 लोगों को नामजद किया गया है जबकि 30-40 अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है।

प्रतिमा कुमारी ने आरोप लगाया कि पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने उनके हाथ से पुतला छीन लिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट और बदसलूकी की गई। उन्होंने अपशब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। शिकायत दर्ज कराने के दौरान झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, भाजपा नेता अमर कुमार बाउरी समेत अन्य नेता मौजूद रहे। प्रतिमा कुमारी की ओर से कोतवाली थाने में दी गई शिकायत में नवीन चंचल, उत्तम यादव, शाहबाज मलिक, मुस्ताक आलम, आशुतोष वर्मा उर्फ सोनू वर्मा, अंकिता वर्मा, डॉ. हेमलाल कुमार मेहता और अश्विनी शर्मा के नाम शामिल हैं।

शिकायत में प्रतिमा ने आरोप लगाया कि 21 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पुतला दहन के दौरान उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। प्रतिमा ने घटना से जुड़े वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कराने की भी मांग की है। उनका कहना है कि इन फुटेज के जरिए घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा सकती है।

छात्रों के प्रदर्शन को लेकर पहले से दर्ज हैं मामले : झारखंड में जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर छात्र संगठन और अभ्यर्थी लगातार विरोध कर रहे हैं। इसी क्रम में 21 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला जलाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस प्रदर्शन को लेकर प्रशासन की ओर से भी तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। अब प्रतिमा कुमारी की शिकायत के बाद विवाद ने नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version