जमशेदपुर। राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना में पूरे राज्य भर में दुआएं की जा रही हैं। इसी क्रम में रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा की जिला संयोजक मंडली की ओर से साकची के पुराना कोर्ट स्थित श्रीश्री चंद्रमोलेशबर कचहरी बाबा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।

दिशोम गुरु शिबू सोरेन पिछले कई दिनों से अस्वस्थ हैं और दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए झामुमो नेताओं, कार्यकतार्ओं और झारखंड आंदोलनकारियों ने भगवान शिव की विधिवत पूजा कर प्रार्थना की। इस अवसर पर शिवलिंग पर जलाभिषेक, पुष्प अर्पण और आरती की गई। मंत्रोच्चार के बीच उपस्थित लोगों ने गुरुजी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और भगवान से उनके उत्तम स्वास्थ्य के लिए आशीर्वाद मांगा।

पूजा-अर्चना के बाद कार्यकर्ताओं ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन न केवल झारखंड के संस्थापक नेताओं में से एक हैं बल्कि वे राज्य की आत्मा और पहचान भी हैं। पूरा झारखंड उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहा है। इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य प्रमोद लाल, शेख बदरुद्दीन, झारखंड आंदोलनकारी अजय रजक, खुद्द उरांव, अरुण प्रसाद, मोहम्मद सामड, हरदेव सिंह, मिंटू धर चौधरी, नंदलाल लोहार, संदीप चक्रवर्ती सहित अन्य उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version