
रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार के नाम का एलान कर दिया है। जेएमएम ने बैद्यनाथ राम को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। फिलहाल पार्टी ने एक सीट के लिए ही टिकट का एलान किया है। झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने बैद्यनाथ राम के नाम की औपचारिक घोषणा की। बता दें कि बैद्यनाथ राम लातेहार क्षेत्र से कई बार विधायक निर्वाचित हो चुके हैं और झामुमो के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं।
वह अनुसूचित जाति समुदाय से आते हैं और वर्तमान में झारखंड मुक्ति मोर्चा के उपाध्यक्ष भी हैं। बैद्यनाथ राम को शासन और प्रशासन का लंबा अनुभव है। वह हेमंत सोरेन की पिछली सरकार में कुछ समय के लिए मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा भाजपा सरकार में भी उन्होंने मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी।
जानकारी के मुताबिक, बैद्यनाथ राम सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। झामुमो ने उनके नाम की घोषणा कर चुनावी तैयारियों को और गति दे दी है।
