रांची। जिंदल स्टील पतरातू में शुक्रवार को संस्थापक एवं प्रख्यात उद्योगपति स्वर्गीय ओपी जिंदल की 96वीं जयंती श्रद्धा और जनसेवा की भावना के साथ मनाई गई। महाप्रबंधक संतोष कुमार ने कहा कि ओपी जिंदल का संपूर्ण जीवन राष्ट्र निर्माण, उद्योग, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समाज सेवा के लिए समर्पित रहा।

उन्होंने कहा कि मजबूत उद्योग केवल आर्थिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि रोजगार, शिक्षा, कौशल विकास और समाज के समग्र उत्थान की आधारशिला है। महाप्रबंधक ने कहा कि जिंदल की दूरदर्शी सोच आज भी विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और आधुनिक औद्योगिक विकास की दिशा में प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने उद्योग के साथ शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय सेवा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी, जिसे जिंदल समूह आज भी निरंतर आगे बढ़ा रहा है। कार्यक्रम की शुरूआत हनुमान मंदिर में ओपी जिंदल को श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद जिंदल क्लब में जिंदल आशा के बच्चों के साथ केक काटकर जयंती मनाई गई।

उपस्थित लोगों ने उनके बताए आदर्शों पर चलने और राष्ट्र एवं समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत कुरसे गांव में किसानों की सिंचाई सुविधा के लिए सोलर पंप का उद्घाटन किया गया। संतोष कुमार ने कहा कि किसानों को आधुनिक संसाधनों से जोड़कर कृषि को आत्मनिर्भर बनाना ही ओ.पी. जिंदल के ग्राम विकास के सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जयंती समारोह के दौरान जिंदल फाउंडेशन की गर्ल्स फुटबॉल टीम को खेल सामग्री वितरित की गई तथा स्थानीय बालिकाओं के लिए तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वहीं समाज के वरिष्ठ नागरिकों एवं बुजुर्गों के सम्मान में लंगर की विशेष व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कुमार ने कहा कि ओपी जिंदल का जीवन यह संदेश देता है कि वास्तविक सफलता केवल उद्योग स्थापित करने में नहीं, बल्कि समाज में विश्वास, अवसर और विकास की नई संभावनाएं पैदा करने में है। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी, कठिन परिश्रम, नवाचार और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। पूरे आयोजन के दौरान सेवा, श्रद्धा और सामाजिक समर्पण का वातावरण बना रहा। अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर जिंदल के आदर्शों को आत्मसात करने तथा उद्योग, शिक्षा और सेवा के समन्वय से विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। इसके अलावा ओ.पी. जिंदल स्कूल एवं ओ.पी. जिंदल कम्युनिटी कॉलेज में भी जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में एचआर प्रमुख मीनू सिंह, आर.डी. शर्मा, प्रवीण कुमार, कुमार राहुल, अभय सिंह, अभय मित्तल, राजीव, रत्नेश कुमार, डॉ. संजीव द्विवेदी, डॉ. मंजू मिश्रा, डॉ. अभिषेक कुमार, बिजेंद्र मलिक, कुरसे मुखिया संदीप उरांव, अंबुज महतो, रामेश्वर गोप, सोमिया श्री जेना, दीपक, बिनोद सिंह, संतोष चौधरी, संबित साहू सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version