
रांची। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर निशाना साधा है। मरांडी ने कहा कि ये 18वीं सदी नहीं है, पर झारखंड के गांवों में हालात अभी भी वही है।
मरांडी ने सोशल मीडिया एक्स पर रविवार को लिखा है कि सिमडेगा ज़िले के चुंदियारी गांव में एक बुज़ुर्ग महिला गंगो देवी के कमर में गंभीर चोट आई, लेकिन गांव में न सड़क थी, न स्वास्थ्य सुविधा, न एम्बुलेंस पहुंची। मजबूर परिजन खाट पर लादकर तीन किलोमीटर पैदल चले।
उन्होंने लिखा है कि शर्म की बात ये है कि ये सब उस राज्य में हो रहा है, जहां हेमंत सरकार ने इस साल बजट में स्वास्थ्य पर 3497 करोड़ तथा सड़कों और पुलों के लिए 5300 करोड़ खर्च करने की घोषणा की थी। पिछले साल यही राशि 7223 करोड़ और 6389 करोड़ थी। इतना पैसा गया कहां? इसका जवाब तो हम सबको पता है।
उन्होंने आगे कहा कि जब भ्रष्टाचार करने की बात आती है, तो हेमंत सरकार सुरसा से भी बड़ा मुंह खोल लेती है। लेकिन जब व्यवस्था को लेकर सवाल किया जाए, तो मुख्यमंत्री और मंत्री गूंगे बहरे बन जाते हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हेमंत सोरेन जी, राजनीति से इतर इतनी संवेदनशीलता तो दिखाइए, कम से कम यह सुनिश्चित कीजिए की आज के बाद किसी झारखंडवासी को खाट पर लादकर इलाज के लिए अस्पताल न जाना पड़े।
