रांची। झारखंड का पहला आइटी पार्क राजधानी रांची के धुर्वा में बनेगा। सूचना एवं तकनीक विभाग ने आइटी पार्क के लिए मास्टर प्लान तथा डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसकी जिम्मेदारी निजी एजेंसी को दी जाएगी। निजी एजेंसी मास्टर सिस्टम इंटीग्रेटर के चयन के लिए रिक्वेस्टर फार प्रपोजल (आरएफपी) भी तैयार करेगा। इसके आधार पर चयनित होनेवाले मास्टर सिस्टम इंटीग्रेटर को आइटी पार्क की स्थापना की जिम्मेदारी दी जाएगी।

आइटी पार्क के लिए मास्टर प्लान तथा डीपीआर तैयार करनेवाली एजेंसी सबसे पहले साइट का विश्लेषण करेगी कि उक्त जगह आइटी पार्क के लिए उपयुक्त है या नहीं। यही एजेंसी स्टेक होल्डर्स के साथ कंसलटेशन कार्यक्रम आयोजित कर सुझाव लेगी।

इसके बाद इसके द्वारा डिमांड असेसमेंट तथा मार्केट की स्थिति का आकलन किया जाएगा। इसके बाद इसके द्वारा मास्टर प्लान, डीपीआर तथा आरएफपी तैयार किया जाएगा। आइटी पार्क की स्थापना से न केवल राज्य में आइटी सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि इससे रियल, टूरिज्म, रिटेल, ट्रांसपोर्ट आदि क्षेत्रों का भी विकास होगा।

आइटी पार्क की स्थापना से लगभग 50 हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिल सकता है। सबसे बड़ी बात यह है कि इसका लाभ उन स्थानीय युवाओं को एक मंच मिलेगा जो आइटी के क्षेत्र में काम करना चाहते हैं। साथ ही देश-विदेश की कई बड़ी आइटी कंपनियां भी यहां काम कर सकती हैं।

आइटी पार्क की स्थापना रांची के धुर्वा स्थित स्मार्ट सिटी में होना है। बताया जाता है कि इसके लिए यहां 100 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। रांची में आइटी पार्क की स्थापना के लिए चालू वित्तीय वर्ष के बजट में प्रविधान भी किया गया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version