
रांची। राज्य सरकार विश्वविद्यालयों तथा कॉलेजों में अध्ययनरत छात्राओं को आने-जाने के लिए यात्रा भत्ता देगी। इसके तहत प्रतिमाह एक हजार रुपये यात्रा भत्ता दिया जाएगा। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने शुक्रवार को बैठक में विभाग को इसे लेकर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इस यात्रा भत्ता का लाभ लेने के लिए 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी।
सबसे बड़ी बात यह है कि इस प्रस्तावित योजना का लाभ उन छात्राओं को भी मिलेगा, जो मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना का लाभ ले रही हैं। मंत्री ने छात्राओं को उच्च शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इसका लाभ देने की घोषणा की है। रिसर्च और स्टार्टअप को बढ़ावा देने की योजना इधर, राज्य सरकार विश्वविद्यालयों में रिसर्च और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए नीति लागू करने की तैयारी कर रही है। इसे लेकर 10 फरवरी को एक कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी विश्वविद्यालयों के कुलपति और कालेजों के प्राचार्य सम्मिलित होंगे।
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग 10 फरवरी को छह पोर्टल की भी लॉन्चिंग करेगा। इनमें शिक्षकों एवं कर्मियों के वेतन निर्धारण को लेकर तैयार पोर्टल, लर्निंग मैनजमेंट सिस्टम पोर्टल, मानकी मुंडा छात्रवृत्ति योजना पोर्टल, अप्रेंटिसशिप पोर्टल, निजी विश्वविद्यालय पोर्टल तथा वित्त रहित अनुदान पोर्टल सम्मिलित हैं।
मानकी मुंडा छात्रवृत्ति योजना पोर्टल, अप्रेंटिसशिप पोर्टल, निजी विश्वविद्यालय पोर्टल तथा वित्त रहित अनुदान पोर्टल के माध्यम से संबंधित पोर्टल ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन होंगी।
स्कूलों के सिलेबस में शामिल होगा सड़क सुरक्षा व ड्राइविंग
परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने आदेश दिया है कि एमवीआई फिटनेस देने में सावधानी बरतें। ड्राइविंग लाइसेंस देने की सभी प्रक्रियाओं को भी सही तरीके से पूरा किया जाए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आए। वह शुक्रवार को परिवहन विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार सड़क सुरक्षा-2025 कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
