
रांची। झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर पुलिस मुख्यालय के द्वारा अपनी अनदेखी से नाराज हैं। उन्होंने इस बात का इजहार तो नहीं किया है लेकिन पिछले दिनों उन्होंने डीजीपी को पत्र लिखकर सुरक्षाकर्मियों के काफिले के लिए एक अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। माना जा रहा है कि इस पर कोई निर्णय नहीं लिए जाने और उल्टे पुलिस मुख्यालय ने एक वाहन वापस करने का नोटिस वित्त मंत्री के कार्यालय को थमा दिया। इससे राधा कृष्ण किशोर नाराज है और उन्होंने अपनी सुरक्षा में लगे जवानों और वाहनों को वापस कर दिया है।झारखंड सरकार में कांग्रेस कोटे से सबसे वरीय मंत्री और सरकार भी नंबर टू की हैसियत रखने वाले राधा कृष्ण किशोर किस कम से सभी स्तब्ध हैं। शुक्रवार को मंत्री ने अपनी सुरक्षा में तैनात 16 सुरक्षा गार्ड और उनके लिए आवंटित 3 सुरक्षा वाहनों को राज्य सरकार को वापस लौटा दिया है। मंत्री के नजदीकी लोगों का कहना है कि आवंटित वाहनों में जवानों को ठूंस ठूंस कर बैठना पड़ता था।इस बात से नाराज होकर वित्त मंत्री ने तीनों वाहन और सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस कर दिया है। शुक्रवार की सुबह मंत्री पहले खेल गांव स्टेडियम एक कार्यक्रम में पहुंचे और फिर यहां से प्रोजेक्ट भवन सचिवालय तक गए लेकिन इस दौरान उनके साथ सुरक्षाकर्मी नहीं दिखे। इस फैसले के पीछे वित्त मंत्री ने तर्क दिया है कि महज 16 सुरक्षाकर्मियों की आवाजाही के लिए तीन बड़े वाहनों का काफिला रखना सुरक्षा के दृष्टिकोण से न तो उचित है और न ही व्यावहारिक।
