रांची। फेडरेशन आॅफ झारखंड चैंबर आॅफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) के सत्र 2024-25 का चुनाव 22 सितंबर को गुरुनानक स्कूल के हॉल में होगा। मतदान से पूर्व गुरुवार को चैंबर भवन में प्रेस वार्ता किया, जिसमें चुनाव पदाधिकारियों के अलावा चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री, पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा, सदस्य राजीव सहाय ने चुनाव से संबंधित जानकारी साझा की. चुनाव पदाधिकारियों ने बताया कि 21 सितंबर को चैंबर भवन में चैंबर की 60वीं वार्षिक आमसभा में बतौर मुख्य अतिथि रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ और विशिष्ट अतिथि के तौर पर राज्यसभा सांसद महुआ माजी उपस्थिति रहेंगी। मतदान के बाद देर रात तक मतगणना और रिजल्ट की घोषणा रविवार को ही की जाएगी। मतगणना के रिजल्ट से असंतुष्ट प्रत्याशी पुर्नमतगणना शुल्क के साथ 23 सितंबर को दोपहर 2 बजे तक पुर्नमतगणना की अपील कर सकते हैं।

मतदान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगा : मतदान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगा. 5 बजे तक कतार में खडे होनेवाले मतदाता मतदान दे सकेंगे। इस बार कुल 3909 मतदाता चैंबर के चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे। मतदाता सूची के अनुसार कुल 83 सम्बद्ध संस्थाएं हैं। सम्बद्ध संस्थाओं को दो वोट देने का अधिकार है। अन्य सभी मतदाताओं को एक वोट देने का अधिकार है. कार्यकारिणी समिति के लिए चुनाव में कुल 35 उम्मीदवार हैं। प्रत्येक मतदाता को 21 उम्मीदवार का चयन करना है।

कार्यकारिणी समिति के साथ ही पलामू प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष का चुनाव भी रविवार को ही मतदान स्थल पर होगा। चुनावी प्रक्रियाओं से अवगत कराते हुए चुनाव पदाधिकारी ललित केडिया और अंचल किंगर ने संयुक्त रूप से बताया कि आमसभा से 30 दिन पूर्व बने लाइफ, कॉरपोरेट लाइफ और पैट्रोन सदस्य तथा 90 दिन पूर्व बने जेनरल एफिलियेटेड, कॉरपोरेट जेनरल कैटगरी के सदस्य ही मतदान प्रक्रिया में हिस्सा ले सकते हैं। मतदान से पूर्व कॉरपोरेट जेनरल, जेनरल और एफिलियेटेड बॉडी के सदस्यों का किसी प्रकार का बकाया नहीं होना चाहिए. पूर्व की भांति इस चुनाव में में सीए और सीएस एसोसिएशन का सहयोग रहेगा।

अपने स्टॉल पर केवल अपनी संस्था का बैनर ही लगाएं : चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर ने सभी स्टॉलधारियों से आग्रह किया कि स्टॉलधारी अपने स्टॉल पर किसी भी प्रत्याशी के लिए प्रचार सामग्री का वितरण ना करें. अपने स्टॉल पर केवल अपनी संस्था का बैनर ही लगायें। मतदान स्थल पर झारखंड थोक वस्त्र विक्रेता संघ, झारखण्ड कंज्यूमर प्रोडक्ट डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसियेशन, रोटरी क्लब, शैलबी डिवाइन हॉस्पिटल और झारखण्ड इलेक्ट्रिक ट्रेडर्स एसोसिएशन द्वारा स्टॉल लगाया जायेगा. चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि वार्षिक आमसभा हमारी गतिविधियों का केंद्र बिंदु है जहां हमें राज्य के सभी जिलों के व्यापारी, उद्यमी एवं प्रोफेशनल्स के अलावा विशिष्टजनों की उपस्थिति का अवसर मिलता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version