रांची। Jharkhand सरकार आज विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का आम बजट पेश करेगी। मुख्यमंत्री Hemant Soren के नेतृत्व वाली सरकार में वित्त मंत्री Radha Krishna Kishore सदन में बजट भाषण देंगे। प्रस्तावित बजट का आकार 1.55 लाख करोड़ से 1.60 लाख करोड़ रुपये के बीच रहने की संभावना है। यह राशि पिछले वित्तीय वर्ष के 1.45 लाख करोड़ रुपये के बजट से लगभग 7 से 10 प्रतिशत अधिक हो सकती है।
सरकार अतिरिक्त संसाधनों को बुनियादी ढांचा विकास और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विस्तार पर खर्च कर सकती है। इस बार बजट में महिलाओं और युवाओं के लिए विशेष प्रावधान किए जाने के संकेत मिल रहे हैं।
राज्य की अर्थव्यवस्था में कृषि क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के करीब 38 लाख किसानों में लगभग 19 लाख महिला किसान शामिल हैं। ऐसे में महिला किसानों को मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी आय में वृद्धि के लिए नई योजनाओं की घोषणा संभव है। सूत्रों के मुताबिक, महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने अथवा छोटे व्यवसाय के विस्तार हेतु एकमुश्त 20 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराने की योजना लाई जा सकती है।
रोजगार सृजन को भी सरकार की प्राथमिकता माना जा रहा है। औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन देने, स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार बढ़ाने तथा युवाओं के लिए ‘स्टार्ट-अप फंड’ की स्थापना जैसी घोषणाएं की जा सकती हैं। इसके अलावा कौशल विकास केंद्रों के आधुनिकीकरण के लिए भी विशेष बजटीय प्रावधान संभव है।
आदिवासी बहुल क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के लिए विशेष पैकेज की घोषणा की उम्मीद जताई जा रही है। राज्यवासियों की निगाहें आज पेश होने वाले बजट पर टिकी हैं, खासकर महिलाओं और युवाओं से जुड़ी योजनाओं को लेकर।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version