
जमशेदपुर । लौह नगरी जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एग्रिको इलाके में दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। यहां टाटा स्टील के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी ने अपने ही परिवार के तीन सदस्यों की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। घटना एग्रिको स्थित क्वार्टर नंबर एल 5/13 की है, जो राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के निजी आवास के बिल्कुल समीप स्थित है। आरोपी की पहचान रवीद्र प्रसाद सिंह के रूप में हुई है, जो इसी वर्ष फरवरी में टाटा स्टील से सेवानिवृत्त हुए थे। जानकारी के अनुसार, आरोपी रविंद्र ने रविवार की रात को ही अपनी 55 वर्षीय पत्नी सरिता सिंह, 31 वर्षीय बेटी सुप्रिया सिंह और 30 वर्षीय बेटे रविशेक कुमार पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया था। हैरत की बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी रात भर तीनों शवों के साथ घर के भीतर ही रहा। सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे आरोपी ने स्वयं डायल-100 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी और आत्मसमर्पण की बात कही। सूचना मिलते ही सिदगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पुलिस जांच और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, परिवार में पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था।सेवानिवृत्ति के बाद से आरोपी कथित तौर पर मानसिक तनाव और चिड़चिड़ेपन का शिकार था, जिसे इस जघन्य हत्याकांड की मुख्य वजह माना जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में दहशत फैल गई। फिलहाल फॉरेंसिक टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है और मामले की गहन तफ्तीश जारी है।
