
तेहरान। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने ईरान सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को पत्र लिखकर अपना पद छोड़ने का अनुरोध किया है। ईरान इंटरनेशनल ने यह जानकारी दी। पत्र ने ईरान के सर्वोच्च सत्ता गलियारों में मची उथल-पुथल को सार्वजनिक कर दिया है। वहां के नेतृत्व के बीच एक गहरी दरार की ओर साफ इशारा करती है। इस पत्र में राष्ट्रपति पेजेशकियन ने बेहद कड़े, गंभीर और ऐतिहासिक रूप से अभूतपूर्व लहजे में देश की वर्तमान शासन व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।



उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि ईरान का पूरा प्रशासनिक ढांचा अब अपने आधिकारिक और कानूनी रास्तों से पूरी तरह भटक चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और देश के शासन के जितने भी मुख्य स्तंभ हैं, उन पर अब पूरी तरह से इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के कमांडरों के एक खास गुट ने अपना कब्जा जमा लिया है।
पेजेशकियन ने अपनी लाचारी व्यक्त किया है। उन्होंने पत्र में इस बात पर सबसे ज्यादा जोर दिया है कि देश के बड़े और बेहद अहम नीतिगत फैसलों से राष्ट्रपति और उनकी चुनी हुई सरकार को पूरी तरह से दरकिनार कर दिया गया है। इस उपेक्षा के कारण शासन में जो एक बड़ा वैक्यूम पैदा हुआ है. उसका फायदा उठाकर आईआरजीसी के भीतर मौजूद चरमपंथी गुटों ने देश के तमाम मामलों को अपने हाथों में ले लिया है। पेजेशकियन ने साफ किया कि ऐसी बदतर परिस्थितियों में वे सरकार चलाने या अपनी संवैधानिक और कानूनी जिम्मेदारियों को पूरा करने में खुद को पूरी तरह असमर्थ पा रहे हैं। इसी वजह से उन्होंने तत्काल इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया है।
दरअसल, यह टकराव कोई अचानक पैदा नहीं हुआ है, बल्कि यह पिछले कई महीनों से सरकार और सैन्य-सुरक्षा संस्थानों के बीच अंदर ही अंदर चल रहे भारी तनाव का नतीजा है। आईआरजीसी ने धीरे-धीरे योजनाबद्ध तरीके से राष्ट्रपति पद के कई अधिकारों को छीन लिया था, जिससे पेजेशकियन की सरकार एक कार्यकारी और राजनीतिक गतिरोध में बुरी तरह फंस चुकी थी. इस गतिरोध का असर यह हुआ कि सरकार न तो अपनी पसंद से कैबिनेट के ढांचे में कोई बदलाव लागू कर पा रही थी और न ही वैश्विक स्तर पर डिप्लोमैटिक नेगोशिएशन्स को आगे बढ़ा पा रही थी।

