पटना। अगले पांच वर्षों में 50 लाख करोड़ रुपए के निवेश की कार्ययोजना पर उद्योग विभाग ने काम आरंभ किया है। इसके केंद्र में एक करोड़ लोगों के लिए रोजगार का अवसर सृजित किया जाना है। उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने सोमवार को आयाेजित संवाददाता सम्मेलन में इस आशय की जानकारी दी। उद्योग मंत्री ने कहा कि वर्ष 2025-26 में राज्य में निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई। इस अवधि के दौरान निवेश के 747 प्रस्ताव प्राप्त हुए। इसके अंतर्गत 17, 217 करोड़ से अधिक के निवेश का प्रस्ताव है।

वहीं, बियाडा के माध्यम से 317 निवेशकों को 404 एकड़ भूमि आवंटित कर 5500 करोड़ निवेश और 22,500 से अधिक रोजगार की संभावनाएं उत्पन्न की गयी है। इनमें रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड, जेके लक्ष्मी सीमेंट, एपीक एग्रो, श्याम स्टील प्राइवेट लिमिटेड (पेंट डिवीजन) पीडी लाइमलाइट, मदर डेयरी, आदित्य बिरला समूह एवं हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन का नाम उल्लेखनीय है।

उद्योग मंत्री ने कहा कि राज्य के 24 जिलों में 26 परियोजनाओं के लिए 13343.67 एकड़ रैयती जमीन के अधिग्रहण के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई है। वहीं, नौ जिलों में 693.14 एकड़ सरकारी भूमि के हस्तांतरण को स्वीकृति प्रदान की गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version