
पटना । बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा फरवरी महीने में आयोजित इंटरमीडिएट (12वीं) के परीक्षा परिणाम सोमवार को जारी कर दिए गए। इस साल एक बार फिर छात्राओं ने बाजी मारी है। इस साल तीनों संकाय मिलाकर 85.19 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने सफलता पाई है। बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने परीक्षा परिणाम जारी करते हुए सभी उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। परीक्षा परिणाम की जानकारी देते हुए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि लड़कों ने इस बार 84.09 प्रतिशत सफलता हासिल की जबकि छात्राओं का पास प्रतिशत 86.23 प्रतिशत रहा है। उन्होंने बताया कि मेरिट लिस्ट में शामिल कुल 26 टॉपर्स में से 19 छात्राएं शामिल हैं। कला और वाणिज्य संकाय की टॉपर जहां छात्राएं रहीं, वहीं विज्ञान संकाय में छात्र ने सर्वोच्च अंक प्राप्त कर टॉपर बना। इस साल विज्ञान संकाय में आदित्य प्रकाश अमन (समस्तीपुर) ने 481 अंक प्राप्त कर प्रदेश का टॉपर बना। उनका प्रतिशत 96 प्रतिशत रहा। इसके अलावा कला संकाय में रितु कुमारी ने 489 अंक लाकर पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि वाणिज्य संकाय में टॉपर गई निशु कुमारी, 479 अंक लाकर बनीं।मंत्री सुनील कुमार ने बताया कि बिहार ने एक बार फिर देश भर में सबसे पहले इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम जारी किया है। साल 2025 में 86.56 प्रतिशत छात्र सफल हुए थे। इस बार का रिजल्ट पिछली बार से करीब एक फीसदी कम रहा। पिछले साल विज्ञान संकाय में पश्चिमी चंपारण की प्रिया जायसवाल ने 484 अंक के साथ टॉप किया था। कला संकाय में वैशाली की अंकिता कुमारी और बक्सर के शाकिब शाह ने 473-473 अंक (94.6 प्रतिशत) हासिल किए थे। वाणिज्य संकाय में वैशाली की रौशनी कुमारी ने 475 अंक लाकर पहला स्थान पाया था।

