
छत्तीसगढ़ : भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल की चालीसवीं वाहिनी लगातार नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सिविक एक्शन प्रोग्राम चला रही है।
इससे स्थानीय जनता में सुरक्षा बलों के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों के साथ सौहार्द पूर्ण संबंध भी अच्छे बन रहे हैं।
इसी कड़ी में नक्सल प्रभावित क्षेत्र ग्राम पंचायत भावे के गांव भावे में शनिवार को अनन्त नारायण दत्ता सेनानी 40 वी० वाहिनीं भा०ति० सी० पु० बल के मार्ग दर्शन में सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक सेनानी (जी०डी०) केशव चन्द्र महत्तो ने किया।
इस कार्यक्रम में गांव के गरीब लोगों के बीच सिलाई मशीन वितरित की गयी। ग्रामवासियों को अपने करीब लाने और मुख्य धारा से जोड़ने के लिये केशव चन्द्र महत्तो ने कहा कि इस तरह का कार्यक्रम ग्रामवासियों में सुरक्षाबलों के प्रति अपनत्व की भावना विकसित करने की दिशा में कारगर साबित हो रहे हैं।
ग्रामवासियों ने भी कार्यक्रम की प्रशंसा की। इस कार्यक्रम के दौरान, भावे सरपंच प्रतिनिधि नंदूराम तथा निरीक्षक सचिन बिष्ट तथा निरीक्षक अशोक कुमार और भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के पदाधिकारी एवं ग्रामवासी उपस्थित थे।
