अहमदाबाद:  नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी आशीष कुमार चौहान ने बुधवार को भरोसा जताया कि युवा आबादी और प्रौद्योगिकी विकास के दम पर अगले 50 साल में भारत की संपत्ति 1,000 प्रतिशत बढ़ जाएगी।

चौहान ने अहमदाबाद के निकट भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (ईडीआईआई) के 23वें दीक्षांत समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए यह बात कही।

चौहान ने स्वीकार किया कि भारत में अभी भी गरीबी, अशिक्षा, खराब आवास, रहने की स्थिति, भोजन, पानी, स्वच्छता की कमी और अपर्याप्त स्वास्थ्य देखभाल जैसी सामाजिक-आर्थिक चुनौतियां हैं।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “भारत अगले 50 वर्षों में युवा आबादी, तीव्र तकनीकी विकास और अपने उद्यमियों के बल पर भारी प्रगति करने जा रहा है। अगले 50 वर्षों में भारत की संपत्ति 1,000 प्रतिशत, यानी दस गुना बढ़ने जा रही है।”

चौहान ने कहा कि प्रौद्योगिकी उन्नति की मदद से भारत अगले 50 वर्षों में अपार संपदा सृजित करने में सक्षम होगा। उन्होंने कहा कि अगले पांच दशकों में जो संपदा सृजित होगी, वह पिछले 10,000 वर्षों में सृजित संपदा से भी अधिक होगी।  

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version