
भोपाल। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम बढ़ाते हुए शुक्रवार को भोपाल में बर्ड फ्लू (एच5एन1) की देश की पहली स्वदेशी चिकन वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने भोपाल में 300 करोड़ रुपये की लागत से एक नई अत्याधुनिक प्रयोगशाला (लैब) स्थापित करने की भी घोषणा की।



केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने कहा कि मात्र 1 से 2 रुपये की बेहद किफायती कीमत वाली यह वैक्सीन बर्ड फ्लू के इस वेरिएंट की दुनिया की पहली वैक्सीन है, जो देश के लाखों पोल्ट्री किसानों की आजीविका को सुरक्षित करने के साथ-साथ पशुपालन क्षेत्र को सालाना होने वाले हजारों करोड़ रुपये के नुकसान से बचाएगी।
शिवराज सिंह ने विदेशों में जाकर देश की संवैधानिक संस्थाओं और वैज्ञानिकों की क्षमता पर सवाल उठाने वाले विपक्षी नेताओं पर तीखा राजनीतिक प्रहार किया। उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बिना उनकी आलोचना करते हुए कहा कि आज वो लोग भी बड़े ध्यान से देखें, जो दुनिया में जाकर अपने ही देश को बदनाम करने का पाप करते हैं। जो लोग संवैधानिक पदों पर बैठकर विदेशों में भारत के संविधान पर टिप्पणी करते हैं, संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करते हैं, देश की सेना, वैज्ञानिकों और आमजन के परिश्रम पर सवाल खड़े करते हैं, उन्हें आज का यह बदलता, आत्मनिर्भर और विकसित भारत देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले हमारे वैज्ञानिकों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बनी टास्क फोर्स के माध्यम से मात्र 9 महीने में कोविड की दो स्वदेशी वैक्सीन बनाकर दुनिया को चौंका दिया था और आज बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन बनाकर भारत के सामर्थ्य का लोहा मनवाया है।
भोपाल में बनेगी 300 करोड़ रुपये की नई लैब : भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (एनआईएचएसएडी-निषाद) की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए केंद्रीय मंत्री चौहान ने भोपाल को 300 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली एक नई अत्याधुनिक लैब की सौगात देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भोपाल का यह संस्थान आज भारत का कीर्ति स्तंभ बन गया है। पहले इस वैक्सीन का लोकार्पण दिल्ली से करने की योजना बन रही थी, लेकिन उन्होंने तय किया कि जिन वैज्ञानिकों ने भोपाल में दिन-रात एक करके इसे बनाया है, उन्हीं के बीच और भोपाल की जनता के सामने इसे राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।
पशु चलते-फिरते एटीएम, 56 हजार करोड़ रुपये के नुकसान से बचेगा देश
उन्होंने पशुपालन और पोल्ट्री सेक्टर को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि पशु किसानों के लिए ‘चलते-फिरते एटीएम’ हैं, जो खेती के साथ हर महीने नियमित आमदनी देते हैं। उन्होंने बताया कि देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में पशुपालन का 14 प्रतिशत और पोल्ट्री का एक प्रतिशत योगदान है। उन्होंने आंकड़ों के माध्यम से बताया कि खुरपका-मुँहपका रोग (एफएमडी- फुट एंड माउथ डिजीज) से औसतन 22,000 करोड़ रुपये, लंपी वायरस से 20,000 करोड़ रुपये, ब्रुसेलोसिस से 9,212 करोड़ रुपये और भेड़-बकरियों की बीमारी पीपीआर (पीपीआर-पेस्ट डेस पेटिट्स रूमिनेंट्स) से 4,683 करोड़ रुपये का नुकसान होता था। इस तरह कुल 56,000 करोड़ रुपये का भारी नुकसान देश और किसानों को झेलना पड़ता था, जिससे अब स्वदेशी टीकों के माध्यम से देश को बचाने का पुण्य कार्य हो रहा है।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने बताया कि भारत में बर्ड फ्लू का पहला प्रकोप वर्ष 2006 में महाराष्ट्र के नवापुर में आया था, जिसमें 10 लाख मुर्गियां मरी थीं और संक्रमण रोकने के लिए लाखों मुर्गियों को मारकर गड्ढों में दफनाना पड़ा था। इसके बाद 2021 में 9 लाख और इस वर्ष भी 2 लाख मुर्गियों की मौत हुई। 2006 से अब तक देश में बर्ड फ्लू के 500 से अधिक प्रकोप आ चुके हैं, जिससे न केवल पोल्ट्री उद्योग तबाह होता था, बल्कि इसके स्तनधारी पशुओं और मनुष्यों में फैलने का खतरा भी बना रहता था। अब इस नई वैक्सीन की एक खुराक की कीमत मात्र 1 से 2 रुपये के बीच रखी गई है, ताकि छोटे से छोटा मुर्गीपालक भी इसका भार आसानी से उठा सके और उसकी आजीविका सुरक्षित रहे।

