
वॉशिंगटन। भारतीय मूल के नासा के अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन अपने पहले अंतरिक्ष मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पहुंच गए हैं। वे रूस के सोयुज एमएस-29 अंतरिक्ष यान से रवाना हुए और सफलतापूर्वक आईएसएस के प्रिचल मॉड्यूल से जुड़ गए। इस मिशन के दौरान वे करीब आठ महीने तक अंतरिक्ष में रहकर वैज्ञानिक अनुसंधान और अत्याधुनिक तकनीकी प्रयोगों में हिस्सा लेंगे।कजाकिस्तान के बैकोनूर कॉस्मोड्रोम से प्रक्षेपण के लगभग तीन घंटे बाद सोयुज एमएस-29 आईएसएस से जुड़ गया।
मेनन के साथ रोस्कोस्मोस के कॉस्मोनॉट प्योत्र डुब्रोव और अन्ना किकिना भी अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचे। इनके पहुंचने के बाद अगले दो सप्ताह तक आईएसएस पर कुल 10 क्रू सदस्य मौजूद रहेंगे।लॉन्च से पहले अनिल मेनन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर खुशी जताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के साथ मिलकर आईएसएस के लिए उड़ान भरना उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने नासा, अपने परिवार, दोस्तों और सहयोगियों का आभार भी व्यक्त किया।
आईएसएस पहुंचने पर नासा, यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ईएसए) और रोस्कोस्मोस के अंतरिक्ष यात्रियों ने नए दल का स्वागत किया। नासा के अनुसार यह अनिल मेनन की पहली अंतरिक्ष यात्रा है, जबकि डुब्रोव और किकिना का यह दूसरा मिशन है। तीनों अप्रैल 2027 तक अंतरिक्ष स्टेशन पर रहेंगे।अपने मिशन के दौरान मेनन सेमीकंडक्टर क्रिस्टल उत्पादन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित अल्ट्रासाउंड तकनीक, माइक्रोग्रैविटी में रक्त प्रवाह और बायोप्रिंटिंग जैसे महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रयोगों पर काम करेंगे। इन शोधों से भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों के साथ-साथ चिकित्सा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग के क्षेत्र में भी नई संभावनाएं खुलने की उम्मीद है।
नासा ने बताया कि 25 जुलाई को आईएसएस की कमान हस्तांतरण समारोह आयोजित होगा, जिसमें स्टेशन की कमान रोस्कोस्मोस के सर्गेई कुड-स्वेरचकोव से नासा की अंतरिक्ष यात्री जेसिका मीर को सौंपी जाएगी। इसके बाद 26 जुलाई से एक्सपीडिशन-75 मिशन की शुरुआत होगी।गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर पिछले 25 वर्षों से लगातार मानव उपस्थिति बनी हुई है। माइक्रोग्रैविटी के कारण यह वैज्ञानिक अनुसंधान की अनूठी प्रयोगशाला है, जहां किए गए प्रयोग चिकित्सा, इंजीनियरिंग, जीवविज्ञान और अंतरिक्ष अन्वेषण के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
