रांची । झारखंड के प्राइवेट अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड के जरिए इलाज नहीं कराया जा सकेगा। दरअसल, अगर सरकार ने एक सप्ताह के भीतर आयुष्मान कार्ड के जरिए मरीजों के हुए इलाज का भुगतान नहीं हो पाया तो प्राइवेट अस्पताल बड़ा कदम उठा सकते हैं। बताया गया है कि आयुष्मान कार्ड के जरिए हुए इलाज का झारखंड के प्राइवेट अस्पतालों का 140 करोड़ रुपये बकाया है। रांची के IMA भवन में प्राइवेट अस्पतालों के प्रतिनिधि, आईएमए की झारखंड इकाई और हॉस्पिटल बोर्ड ऑफ इंडिया की झारखंड इकाई ने सरकार से जल्द बकाया भुगतान की गुहार लगाई है।

AHPI के पूर्व चेयरमैन (झारखंड चैप्टर) योगेश गंभीर ने कहा कि सबको पेमेंट होना बंद हो गया है। इसमें त्रुटियां बहुत सारी हैं। इसमें कई सारे ऐसे प्रावधान हैं जो पूरे नहीं किए जा रहे हैं। इस वजह से यह योजना पूरी तरह से बिगड़ रही है। पेमेंट नहीं होने के चलते कई अस्पताल बंद होने के कगार पर आ गए हैं। इससे पहले की अस्पताल बंद हो जाएं, उससे पहले मीडिया के जरिए सरकार को ये मैसेज पहुंचाना चाहते हैं कि हमारी मांगों पर गंभीरता से विचार करें। जल्द से जल्द हमारी पेमेंट रिलीज कराएं। आयुष्मान से जुड़ी जितनी भी त्रुटियां हैं उसको दूर किया जाए।

इस मामले में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि आयुष्मान की सारी फाइल ईडी के पास है। जब मामला लंबित है तो हम कैसे पेमेंट कर सकते हैं। IMA को किसी बात की जानकारी नहीं है तो इस तरह का बयान क्यों दे रहे हैं। मैं नियम से बाहर जाकर पेमेंट कैसे कर सकता हूं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version