
जामताड़ा । पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को धमकाने और अवैध वसूली करने वाले एक शातिर युवक को मिहिजाम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक देशी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस, दो वॉकी-टॉकी, दो चाकू, तीन स्मार्टफोन और जैप-5 (जैप-5) का फर्जी पहचान पत्र बरामद किया गया है। आरोपी की पहचान मिहिजाम थाना क्षेत्र के कानगोई निवासी 34 वर्षीय अनुप कुमार के रूप में हुई है। इस मामले में मिहिजाम थाना में कांड संख्या 50/2026 दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 28 जुलाई की शाम एसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रदीप राणा पुलिस बल के साथ वारंटियों और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि पुलिस की वर्दी में एक व्यक्ति कानगोई-डोमदाहा रोड पर घूम रहा है और लोगों को दिग्भ्रमित कर रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
कानगोई पत्थर डंप के पास एक व्यक्ति पुलिस का बूट और पैंट पहनकर सादा गंजी में बैठा मिला। पूछताछ में उसने खुद को जैप-5, देवघर का जवान बताते हुए पहचान पत्र दिखाया। पुलिस ने पहचान पत्र की जांच की तो उसमें जन्मतिथि और नियुक्ति तिथि में विसंगति मिली। इसके बाद पुलिस ने अपने स्तर से सत्यापन किया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पुलिस का जवान नहीं है। उसने फर्जी पहचान पत्र बनवाया है और धनबाद से पुलिस की वर्दी खरीदकर पहनता था। वर्दी का रौब दिखाकर वह लोगों को डराता-धमकाता और उनसे अवैध वसूली करता था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के बैग की तलाशी ली। तलाशी में एक देशी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस, दो काले रंग के वॉकी-टॉकी (एक चार्जर सहित), दो चाकू, सैमसंग गैलेक्सी ए-14, सैमसंग गैलेक्सी ए-33, ओप्पो कंपनी का एक स्मार्टफोन तथा जैप-5 का फर्जी पहचान पत्र बरामद किया गया। सभी सामान जब्त कर लिए गए हैं।
पहले भी दर्ज है आपराधिक मामला : पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पश्चिम बंगाल के चितरंजन थाना में वर्ष 2014 में कांड संख्या 13/2014 के तहत धारा 498ए, 323, 406, 506 भारतीय दंड संहिता एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने फर्जी पहचान पत्र कहां से बनवाया और उसके साथ इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
