रायडीह। रायडीह पुलिस ने चोरी के चार मोटरसाइकिल के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार कर गुरूवार को जेल भेज दिया। गिरफ्तार युवकों में सिसई प्रखंड के पुसो थाना क्षेत्र पहामू गांव निवासी ओम प्रकाश महतो व पवन महतो दोनों सगे भाई व शंश महतो के नाम शामिल है।

थाना प्रभारी कुंदन कुमार सिंह ने गुरुवार को प्रेसकांफ्रेंस में बताया कि पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली कि छतीसगढ़ के जशपुर जिला से दो लड़के चोरी के मोटरसाइकिल के साथ गुमला की ओर आ रहे हैं। मोटरसाइकिल बिना नंबर के ही है। सूचना के बाद एक छापामारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम के द्वारा रायडीह थाना क्षेत्र के डुमरटोली के पास वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान दो लड़के मोटरसाइकिल से गुमला की ओर आ रहे थे जो पुलिस को देखकर बाईक लेकर भागने लगे। जिसे पुलिस के द्वारा पकड़ा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पुलिस को पूछताछ में अपना नाम ओम प्रकाश महतो व पवन महतो बताया।

दोनों युवकों ने बताया कि पुसो थाना के पहामू गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने बाईक की कागजात की मांग उनसे की तो उनलोगों ने बताया कि दोनों बाईक चोरी की है। जिसे जशपुर जिला से चुरा कर वे आ रहे थे। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर गुमला व सिमडेगा जिला से चोरी हुई दो बाईक उनके घर से बरामद किया गया। साथ ही उनका एक सहयोगी शंश महतो को गिरफ्तार किया गया। छापामारी टीम में थाना प्रभारी कुंदन कुमार सिंह, पुअनि विनय कुमार साव, पुअनि सुनिल रविदास, सअनि गनौरी प्रसाद व सेट ग्यारह के जवान शामिल थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version