गोरखपुर । गोरखपुर में बदमाशों ने रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी का अपहरण कर पत्नी से एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। पुलिस ने ऐक्शन लेते हुए 12 घंटे के अंदर ही उन्हें बरामद करने के साथ ही तीन अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है।

शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार निवासी रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी अशोक जायसवाल को शुक्रवार की सुबह 5:30 बजे टहलते वक्त कार सवारों ने अपहरण कर लिया। 9 बजे तक वह वापस नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू हुई। इसी बीच 10:30 बजे के आसपास उनकी डॉक्टर पत्नी के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आया कि आपके पति हमारे पास है। एक करोड़ रुपए पहुंचा दीजिए और अपने पति को ले जाइए। यह सुनते ही डॉक्टर पत्नी के होश उड़ गए।

उन्होंने तत्काल इसकी सूचना शाहपुर थाने को दी। एक्शन में आई पुलिस ने 6 टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। उसी दिन 7:00 बजे शाम को आरोपियों की लोकेशन जीरो पॉइंट कालेश्वर के पास मिली मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही एयर फोर्स कर्मी को सही सलामत बरामद कर लिया। जैसे ही इसकी सूचना परिजनों को हुई खुशी की लहर दौड़ पड़ी। डॉक्टर पत्नी जो जिला अस्पताल बस्ती में तैनात है, उन्हें देखते ही एयर फोर्स कर्मी की आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने सिसकते हुए कहा कि ईश्वर का लाख-लाख शुक्रिया है, जो मैं अपने परिजनों के पास सही सलामत लौट सका। इसके लिए पुलिस टीम को ढेर सारी बधाई एवं आभार।

बता दें कि रिटायर्ड एयर फोर्स कर्मी अपनी डॉक्टर पत्नी सुषमा जयसवाल, एक बेटी के साथ पादरी बाजार स्थित जेल बाईपास पर रहते हैं। उनका एक बेटा अमेरिका में रहता है। अशोक जायसवाल डेली सुबह साइकिल से 5:30 बजे के आसपास निकलते हैं और रेलवे स्टेडियम स्थित स्विमिंग पूल में तैराकी भी करते हैं। इसी दिनचर्या के दौरान सुबह उनका अपहरण हुआ था। हालांकि शुरूआती पूछताछ में यह पता चला है कि पुराना लेनदेन का कोई मामला है। पुलिस सभी एंगल पर जांच कर रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version