
रामगढ़। रामगढ़ जिले में बुधवार को अवैध हथियार बनाने की एक मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़। रामगढ़, रांची और हजारीबाग पुलिस के द्वारा चलाए गए ज्वाइंट आॅपरेशन में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का संचालन कर रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
बुधवार को भुरकुंडा थाना परिसर में रामगढ़ के एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर रामगढ़ एवं हजारीबाग पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि अवैध हथियार निर्माण और उसकी तस्करी के इस नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है तथा मामले से जुड़े अन्य अपराधियों की भी तलाश जारी है। एसपी ने बताया कि बीती रात अवैध आग्नेयास्त्र निर्माण एवं तस्करी की गुप्त सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू राघवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में रामगढ़ एवं हजारीबाग जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने ए.के. कोलियरी दत्तो निवासी दिनेश विश्वकर्मा के घर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान घर में अवैध रूप से संचालित मिनी हथियार निर्माण फैक्ट्री का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके से 7.65 एमएम के तीन अर्द्धनिर्मित पिस्टल बॉडी, नौ मैगजीन, छह फायरिंग पिन, ट्रिगर, स्प्रिंग, बॉडी लॉक पिन, कॉक पिन, मैगजीन लॉक पिन, बट कवर सहित बड़ी संख्या में हथियारों के कल-पुर्जे बरामद किए। इसके अलावा ड्रिल मशीन, गैस कटर, वेल्डिंग मशीन, रेलवे पटरी के टुकड़े, हथौड़ा, टूल बॉक्स, रेंच, चिमटा, लोहे की चादर, दो मोबाइल फोन तथा एक एक्टिवा 5जी स्कूटी भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश विश्वकर्मा (45 वर्ष) एवं उसकी पत्नी नूतन देवी (38 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में ए.के. कोलियरी दत्तो, भुरकुंडा में रहते हैं, जबकि उनका स्थायी पता बिहार के नवादा जिले के वारसलीगंज थाना क्षेत्र का है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे पिछले कुछ समय से अवैध हथियार तैयार कर अपराधियों तक उनकी आपूर्ति कर रहे थे। इस मामले में पतरातू (भुरकुंडा ओपी) थाना कांड संख्या-165/26 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं 25(1-बी)/ए, 25(1ए), 26 एवं 35 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
वहीं इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी, हथियारों के नेटवर्क तथा उसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाने के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पतरातू एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा, पतरातु इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह, पतरातु थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता, बासल थाना प्रभारी कैलाश कुमार भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार आदि उपस्थित थे।
