रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को आईजी अभियान एवी होमकर ने जिलों के एसपी के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक के दौरान आईजी अभियान ने विधानसभा चुनाव-2024 को स्वच्छ, निष्पक्ष और शान्तिपूर्ण रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

उन्होंने सभी जिलों को अपने-अपने जिलों में चुनाव सेल गठित करते हुए चुनाव संबंधी कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया। इस दौरान गैर जमानतीय वारंटों का निष्पादन करने, हिस्ट्री शीटरों, फरारियों एवं अन्य सक्रिय अपराधियों के विरूद्ध सख्त एवं निरोधात्मक कार्रवाई करने, अन्तर्राज्जीय एवं अन्तर जिला चेक पोस्टों का प्रभावशाली क्रियान्वयन, अवैध शराब, मादक पदार्थ, हथियार, नकद के विरूद्ध विशेष अभियान चलाने, नक्सल विरोधी अभियान को और प्रभावशाली करने, बलों की आवश्यकता का आकलन एवं उनके सुरक्षित आवागमन, बलों के आवासन की योजना बनाने, सुदूरवर्ती एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए हेलीड्रॉपिंग प्लान बनाने, शैडो एरिया की पहचान करते हुए चुनाव के दौरान संचार व्यवस्था के लिए योजना बनाने, पुलिस पदाधिकारी, कर्मियों का चुनाव संबंधी प्रशिक्षण कराने तथा सभी जिला में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल एवं भीआईपी मॉनिटरिंग सेल का गठन एवं प्रभावशाली क्रियान्वयन कराने का निर्देश दिया।

विधान सभा चुनाव के मद्देनजर अन्य राज्यों की सीमावर्ती जिलों को अन्तर्राज्जीय समन्वय बैठक करने तथा सभी जिलों को अन्तर जिला एवं अन्तर्राज्जीय आसूचना का सम्यक आदान प्रदान करने तथा पूर्व में प्रतिवेदित चुनाव संबंधी काण्डों का अनुश्रवण एवं त्वरित निष्पादन के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में आईजी अभियान-सह-राज्य पुलिस नोडल पदाधिकारी अमोल विनुकांत होमकर, जैप डीआईजी पटेल मयुर कनैयालाल, एसटीएफ डीआईजी धनंजय कुमार सिंह, डीआईजी जंगल वारफेयर स्कूल नेतरहाट अश्विनी कुमार सिन्हा, डीआईजी संचार एवं तकनिकी सेवाएं एस कार्तिक, डीआईजी विशेष शाखा एवं चाईबासा, गढ़वा, साहेबगंज, लातेहार एवं गिरिडीह एसपी भौतिक रूप से तथा राज्य के प्रक्षेत्रीय आईजी, डीआईजी, एसएसपी एवं एसपी वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से भाग लिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version