
नई दिल्ली। भारतीय सेना द्वारा सीमा पर पाकिस्तान की कायराना हरकतों का मुंह तोड़ जवाब देने के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान को खुली चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर सीमा पार से गोली चलेगी तो भारत गोलों से उनका जवाब देगा। सूत्रों के मुताबिक रविवार को पीएम मोदी ने कहा, “वहां से गोली चलेगी, तो यहां से गोला चलेगा।” वहीं पीएम मोदी ने दोनों देशों के बीच मध्यस्थता का दावा करने वाले अमेरिका को भी समझा दिया है। पीएम मोदी ने कहा है कि अगर पाकिस्तान की तरफ से कोई भी हमला किया जाता है तो इसका अंजाम ठीक नहीं होगा और पाकिस्तान को इसके परिणाम भुगतने होंगे।
सरकार के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि ऑपरेशन सिंदूर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं। पीएम ने कहा है कि अगर पाकिस्तान की ओर से गोली चलती है, तो यहां से गोलों से हमले होंगे। उन्होंने पहलगाम हमले के बाद आतंकियों के खात्मे के लिए शुरू किए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर यह भी कहा है कि बीते कुछ दिनों में आतंकी ठिकानों पर हुए हवाई हमले निर्णायक साबित हुए हैं।
सरकार के सूत्रों के हवाले से यह भी स्पष्ट किया गया है कि कश्मीर के मुद्दे पर भारत किसी भी तीसरे देश की मध्यस्थता नहीं चाहता है और कश्मीर में भारत के लिए एक ही मुद्दा बचा है, और वह है- पाक अधिकृत कश्मीर यानी PoK की वापसी। बता दें कि रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्षविराम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि अमेरिका कश्मीर के मुद्दे पर दोनों देशों के बीच मध्यस्थता करवा सकता है। अब भारत ने इस बयान पर अमेरिका को स्पष्ट कर दिया है कि भारत इस मसले को घसीटना नहीं चाहता और वह अपने तरीके से पाकिस्तान को जवाब देने में सक्षम है।
