पटना। जमुई जिले में मैग्नेटाइट (लौह अयस्क) के दो ब्लाक और रोहतास जिले में चूना पत्थर के एक ब्लाक में छह हजार करोड़ से अधिक कीमत के खनिज भंडार होने की संभावना है। इसकी अनुमानित आरक्षित कीमत करीब 6090.93 करोड़ रुपये है। इन सभी ब्लॉकों से खनन के लिए ई-नीलामी निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही सरकार द्वारा गठित टेंडर अप्रूवल कमिटी की बैठक में ई-नीलामी की मंजूरी मिल चुकी है। पिछले दिनों राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में भी इसकी मंजूरी मिल चुकी है।

जमुई में मैग्नेटाइट का भंडार : विभागीय सूत्रों के अनुसार, जमुई जिले के मजोस में करीब 0.812 वर्ग किमी इलाके में जी-2 ग्रेड का करीब 48.40 मीट्रिक टन मैग्नेटाइट का भंडार होने का अनुमान है। इसका अनुमानित आरक्षित मूल्य करीब 3817.60 करोड़ रुपये है। इसके साथ ही जमुई जिले के भंटा में करीब 0.169 वर्ग किमी इलाके में जी-3 ग्रेड का करीब 6.49 मीट्रिक टन मैग्नेटाइट होने का अनुमान है, जिसका अनुमानित आरक्षित मूल्य करीब 511.91 करोड़ रुपये है।

रोहतास में चूना पत्थर होने की संभावना : रोहतास जिले के भोरा कटरा में करीब 1.359 वर्ग किमी इलाके में जी-2 ग्रेड का करीब 33.25 मीट्रिक टन चूना-पत्थर होने का अनुमान है। इसकी अनुमानित आरक्षित कीमत करीब 1761.42 करोड़ रुपये है। इन सभी तीन ब्लॉकों की ई-नीलामी के लिए ट्रांजेक्शन एडवाइजर के रूप में एसबीआइ कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड की सेवा ली जाएगी। इसके साथ ही नीलामी प्लेटफार्म के रूप में मेटल स्क्रैप ट्रेड कारपोरेशन लिमिटेड की सेवा ली जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version