
नई दिल्ली । दिल्ली विधानसभा चुनाव में नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने बृहस्पतिवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इसे साथ ही संदीप दीक्षित ने नामांकन के साथ अपनी संपत्ति को लेकर भी हलफनामा दाखिल किया।
पूर्व सांसद दीक्षित ने नामांकन पत्र के साथ दाखिल चुनावी हलफनामे में 11.12 करोड़ रुपये की संपत्ति होने की जानकारी दी। हलफनामा के मुताबिक उनके पास पांच हजार रुपये की नकदी सहित 1.04 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। उनकी पत्नी के पास 2.41 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। दीक्षित पर 75.57 लाख रुपये की देनदारियां हैं। दीक्षित की कुल अचल संपत्ति 5.14 करोड़ रुपये की है जबकि उनकी पत्नी के नाम 2.53 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। वित्त वर्ष 2023-24 के लिए दीक्षित की आय 16.33 लाख रुपये थी, जबकि इसी अवधि के दौरान उनकी पत्नी की आय 7.34 लाख रुपये थी।
संदीप दीक्षित को पार्टी ने इस बार नई दिल्ली विधानसभा सीट से चुनाव में उतारा है। संदीप लगातार केजरीवाल के खिलाफ हमले कर रहे हैं। इतना ही नहीं संदीप दीक्षित ने केजरीवाल को डिबेट की भी चुनौती दी है। संदीप दो बार के कांग्रेस सांसद रहे हैं। संदीप दीक्षित का कहना है कि केजरीवाल ने उनकी मां और दिल्ली की मुख्यमंत्री रही शीला दीक्षित की छवि खराब की। केजरीवाल के पास शीला दीक्षित पर लगाए गए आरोपों का कोई ठोस आधार नहीं था। संदीप दीक्षित केजरीवाल को शीला दीक्षित का राजनीतिक कातिल बताने से भी नहीं चूके।
अरविंद केजरीवाल भी करोड़पति : चुनावी हलफनामे के अनुसार अरविंद केजरीवाल 1.73 करोड़ रुपये संपत्ति के मालिक हैं। चुनाव आयोग को दिए हलफनामे केजरीवाल ने बताया है कि उनके पास बैंक में 2.96 लाख रुपये और नकद 50,000 रुपये हैं। उनकी चल-अचल संपत्ति की कीमत 1.7 करोड़ रुपये है। उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल के पास कार और घर समेत कार 2.5 करोड़ की संपत्ति है।
