
मुंबई/कोटा। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में जांच एजेंसियों को अहम सुराग मिले हैं। राजस्थान के कोटा में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें दो हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस को संदेह है कि हिरासत में लिए गए लोगों में से दो फायरिंग की घटना में शामिल हो सकते हैं। उधर, मुंबई क्राइम ब्रांच राजस्थान और गुजरात में अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद संदिग्ध एसवी रोड से विले पार्ले और अंधेरी होते हुए फरार हुए थे। इसके बाद उन्होंने अंधेरी पश्चिम रेलवे स्टेशन के पास घटना में इस्तेमाल की गई बाइक छोड़ दी और बोरीवली जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए। जांच के दौरान पुलिस ने बाइक बरामद कर ली है। इस मामले में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
फायरिंग से पहले रेकी करने की आशंका
जांच एजेंसियों को शक है कि आरोपियों ने वारदात से पहले टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों पर नजर रखी थी। पुलिस के मुताबिक, संदिग्धों को जानकारी थी कि अभिनेता रविवार को जुहू स्थित फुटबॉल ग्राउंड पहुंचने वाले हैं। इसी आधार पर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग की योजना कैसे बनाई गई और इसमें किन लोगों की क्या भूमिका रही।
फायरिंग में अभिनेता और ड्राइवर को आई चोट
जानकारी के अनुसार, शाम करीब सात बजे तीन लोगों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की थी। हालांकि, अभिनेता को गोली नहीं लगी, लेकिन बारूद और कांच के टुकड़ों से उनके बाएं हाथ में चोट आई। घटना के दौरान उनके ड्राइवर को भी चोटें आईं।
इस मामले में लॉरेंस गैंग की ओर से जिम्मेदारी लेने का दावा भी सामने आया है। हालांकि, इस दावे और घटना में आरोपियों की वास्तविक भूमिका की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के बाद फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। खबर के मुताबिक, पिछले चार वर्षों में सलमान खान समेत आठ अभिनेता और गायक हमलों का सामना कर चुके हैं।
फिलहाल, जांच एजेंसियां हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ कर रही हैं। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान करने के साथ-साथ वारदात के पीछे की साजिश और संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

